Menu

देश
कश्मीर : पंपोर में CRPF की बस पर आतंकी हमला; 8 जवान शहीद, 2 आतंकवादी मारे गए

nobanner

कश्मीर : पंपोर में CRPF की बस पर आतंकी हमला; 8 जवान शहीद, 2 आतंकवादी मारे गए

श्रीनगर : कश्मीर के पंपोर में शनिवार को आतंकियों के घात लगाकर किए गए एक हमले में सीआरपीएफ के 8 जवान शहीद हो गए जबकि 24 जवान घायल हुए हैं। सुरक्षा बलों पर यह हमला उस वक्त हुआ जब वे अवंतिपुरा फायरिंग रेंज में अभ्यास करने के बाद लौट रहे थे। आतंकियों ने बस पर घात लगाकर हमला किया। मुठभेड़ में 2 आतंकी मारे गए हैं। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पंपोर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ अब भी जारी है।

घटना श्रीनगर से 14 किलोमीटर दूर पंपोर के फ्रेस्टबल में हुई। आतंकवादियों ने सीआरपीएफ कर्मियों को ले जा रही एक बस पर गोलियां चलाईं।

सीआरपीएफ की ‘रोड ओपनिंग पार्टी’ (आरओपी) ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान भीषण मुठभेड़ हुई जिसमें 30 से अधिक जवान घायल हो गए। दोनों आतंकवादियों के मारे जाने के बाद सीआरपीएफ के घायल जवानों को वहां से निकालकर सेना के आधार अस्पताल पहुंचाया गया।

सीआरपीएफ के महानिरीक्षक नलिन प्रभात मौके पर पहुंच गए हैं। प्रभात तलाशी अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं क्योंकि सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि हो सकता है कि दो आतंकवादियों को स्थानीय मदद से मौके से हटा दिया गया हो।

जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक के. राजेंद्र ने भी मौके का दौरा किया। उन्होंने कहा कि दो आतंकवादियों को मार गिराया गया है लेकिन ‘दुर्भाग्य से हमारे जवान भी हताहत हुए हैं।’ उन्होंने सीआरपीएफ के हताहत जवानों की संख्या नहीं बतायी। उन्होंने कहा, ‘हमारा ध्यान दोषियों को पकड़ने पर हैं।’ यह पूछे जाने पर कि मारे गए आतंकवादी क्या सीमापार से थे, राजेंद्र ने कहा, ‘पूरी संभावना है कि वे पाकिस्तान से थे।’ गत तीन सप्ताह में सुरक्षाकर्मियों को ले जा रही बस पर यह दूसरा हमला है। गत तीन जून को आतंकवादियों ने बिजबेहरा में बीएसएफ कर्मियों को ले जा रही बस पर गोलियां चलाई थीं जिसमें दो जवान शहीद हो गए थे।