राजनीति
राजनाथ की बेइज्जती के बाद जेटली नहीं जाएंगे PAK, नहीं होंगे SAARC बैठक में शामिल
वित्त मंत्री अरुण जेटली
पाकिस्तान को लेकर अब भारत की नीति टालने नहीं, बल्कि टकराने की दिखने लगी हैं. सोमवार को लाल किले से पीएम नरेंद्र मोदी के पाक को कोसने के बाद अब ये खबर सामने आई है कि पाकिस्तान में आयोजित SAARC वित्त मंत्रियों की बैठक में अरुण जेटली हिस्सा नहीं लेंगे.
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, सार्क देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक में वित्त मंत्री अरुण जेटली पाकिस्तान नहीं जाएंगे. उनकी जगह आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकानंत दास भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
पाक ने कहा- हम अच्छे मेजबान की भूमिका में
भारत-पाक द्विपक्षीय संबंधों में मौजूदा अशांत माहौल के बीच यह बैठक 25 और 26 अगस्त को इस्लामाबाद में होनी है. पिछले दिनों पाकिस्तानी वित्त मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान पाकिस्तान के वित्त मंत्री इसहाक डार अपने भारतीय समकक्ष से सौहार्दपूर्ण ढंग से हाथ मिला सकते हैं.
पाकिस्तानी वित्त मंत्रालय ने कहा, ‘सरकार ने आगामी SAARC सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है. पाकिस्तान अच्छे मेजबान की भूमिका अदा करेगा और पूरे माहौल को सकारात्मक बनाए रखने का प्रयास करेगा.’
बिना खाना खाए लौट आए थे राजनाथ
गौरतलब है कि इसी महीने SAARC के गृह मंत्रियों की बैठक में माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया था जब, राजनाथ सिंह और पाकिस्तानी गृह मंत्री चौधरी निसार अली खान के बीच तल्ख बयानबाजी हुई थी. राजनाथ सम्मेलन के बाद बिना भोजन किए पाकिस्तान से लौट आए थे. दोनों नेताओं ने आतंकवाद और कश्मीर में हिंसा को लेकर एक दूसरे के देशों पर निशाना साधा था.