देश
भारी विरोध के बावजूद खट्टर सरकार ने भरे बिरयानी के 7 सैंपल, आज शाम आ सकती है रिपोर्ट
भारी विरोध के बावजूद हरियाणा की खट्टर सरकार ने प्रदेश के सबसे बड़े मुस्लिम बहुल क्षेत्र मेवात में बिकने वाली बिरयानी में गोमांस तलाशने के लिए सैंपल भरवा लिए हैं। आज शाम तक रिपोर्ट आने की संभावना है।
भारी विरोध के बावजूद खट्टर सरकार ने भरे बिरयानी के 7 सैंपल, आज शाम आ सकती है रिपोर्ट
हरियाणा गोसेवा आयोग के अध्यक्ष भानीराम मंगला के मुताबिक अब तक सात सैंपल लिए गए हैं। सरकार ने अपनी ओर से कार्रवाई नहीं की है। इसकी शिकायत आई थी कि मेवात में बिकने वाली बिरयानी में गोमांस मिलाया जा रहा है इसके बाद ही सैंपल लेकर ऐसे आदेश दिए गए थे। सैंपल हिसार की एक लैब में भेजे गए हैं, पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर विक्रेताओं पर कार्रवाई होगी। गोसंरक्षण के नए कानून के तहत गोमांस बेचने, खाने और रखने पर तीन से सात साल तक की सजा हो सकती है।
यह विवादित निर्णय मंगलवार को मेवात में हरियाणा गोसेवा आयोग के अध्यक्ष भानीराम मंगला और काउ प्रोटक्शन टास्क फोर्स की इंचार्ज और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी भारती अरोड़ा ने लिए थे। उसी दिन पुलिस ने सैंपल उठा लिए। दिलचस्प बात यह है कि मेवात में सबसे ज्यादा गौपालक मुस्लिम ही हैं।
आपको यह बता दें कि मेवात गोहत्या को लेकर सबसे ज्यादा बदनाम रहा है। यहां अक्सर गोतस्करों और गोरक्षकों में भिडंत होती रहती है। पिछले दिनों गुड़गांव के पास कुछ गोतस्करों को पकड़कर उन्हें जबरन गोबर खिलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया था। हरियाणा सरकार की इस कार्रवाई का कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने भी विरोध किया है।