देश
दाल पर सरकार तैयार, इस साल नहीं आएगी कमी
पिछले साल दाल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी से सबक सीखकर इस बार केंद्र सरकार ने समय रहते दाल का भरपूर बफर स्टाक रखने का दावा किया है. केंद्रीय खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि इस बार दालों का बफर स्टॉक 15 लाख 33 हजार टन से भी ज्यादा है. इसके अलावा गर्मी और बारिश के दौरान विदेशों से दाल आयात करने का करार भी किया गया है.
खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्रालय के मुताबिक सबसे ज्यादा बफर स्टॉक तूर दाल का है. इसमें महाराष्ट्र में 2 लाख 70 हजार टन, तेलंगाना में एक लाख 75 हजार टन और कर्नाटक में एक लाख 63 हजार टन का स्टाक है. जबकि मूंग दाल का सबसे ज्यादा स्टॉक मध्य प्रदेश में है. एमपी में 28 हजार टन, यूपी में 22 हजार 729 टन, राजस्थान 19 हजार 254 टन और महाराष्ट्र में 15 हजार 500 टन मूंग दाल का स्टॉक है. इसी तरह चना और मसूर दाल का स्टॉक भी राज्यों में एफसीआई, केंद्रीय वेयरहाउस निगम और राज्य वेयरहाउस निगम के गोदामों के भंडारों में रखे गये हैं.