Menu

देश
स्वतंत्रता दिवस पर ढाई घंटे तक पुरानी दिल्ली नहीं जाएंगी ट्रेनें

nobanner

स्वतंत्रता दिवस पर सुबह ढाई घंटे तक पुरानी दिल्ली रेल मार्ग पर यातायात बंद रहेगा। इसके चलते दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों को रास्ते में रोका जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों को बदले मार्ग से चलाया जाएगा। इस दिन लाल किले पर ध्वजारोहण किया जाता है। सुरक्षा को ध्यान में रख और गृह मंत्रालय के निर्देश पर इस दफा रेलवे ने साहिबाबाद से पुरानी दिल्ली के बीच 15 अगस्त को सुबह छह से साढ़े आठ बजे तक ट्रेन यातायात बंद रखने का निर्णय लिया है। इससे दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनें भी प्रभावित होंगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी नीरज शर्मा ने मुरादाबाद में बताया कि पदमावत एक्सप्रेस को सुबह साढ़े आठ बजे तक रास्ते में रोके रखा जाएगा। अवध असम एक्सप्रेस सुबह नौ बजे के बाद पुरानी दिल्ली स्टेशन से चलेगी। इसी तरह दिल्ली से कोटद्वार जाने वाली गढ़वाल एक्सप्रेस सवा घंटे देरी से सुबह 8.45 बजे पुरानी दिल्ली से चलेगी। देहरादून से दिल्ली सराय रोहिला जाने वाली मसूरी एक्सप्रेस को बदले मार्ग साहिबाबाद नई दिल्ली होकर चलाया जाएगा। 15 अगस्त सुबह छह बजे से साढ़े आठ बजे तक साहिबाबाद पुरानी दिल्ली के बीच रेल यातायात बंद रहेगा। दिल्ली अलीगढ़ रूट की 18 ट्रेनें भी इसके कारण प्रभावित होंगी।