राजनीति
9 अगस्त को चंपारण से तेजस्वी करेंगे रणघोष, महागठबंधन टूटने की बताएंगे सच्चाई
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव चंपारण से नौ अगस्त से सीएम नीतीश के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे। मिली जानकारी के मुताबिक तेजस्वी चंपारण से नीतीश कुमार के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। तेजस्वी ने बुधवार को ही प्रेस कांफ्रेंस में इस बात की घोषणा की थी।
इसके लिये 9 अगस्त की तारीख तय की गई है। इस यात्रा के जरिए तेजस्वी यादव सीएम समेत नई सरकार के खिलाफ अभियान शुरू करेंगे और लोगों से मिलेंगे और लोगों के बीच नीतीश कुमार की सच्चाई बताएंगे। इस यात्रा के माध्यम से तेजस्वी यादव जनता के सामने महागठबंधन टूटने का सच बताएंगे।
यात्रा कहां से कहां तक होगी इसका खाका अभी बनाया जा रहा है और माना जा रहा है कि ये यात्रा पूरे बिहार में होगी। तेजस्वी ने अपने ट्विटर पर लिखा था कि अब गांधी जी की कर्मभूमि से ही जंग की शुरुआत होगी। बिहार में जनादेश का कत्ल हुआ है। लोगों ने जो मैंडेट दिया उसका सीएम नीतीश कुमार ने अपमान किया है।
इसके पहले बुधवार को तेजस्वी ने प्रेस कांफ्रेंस के जरिए नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला था। तेजस्वी ने कहा था कि बिहार की जनता यह जानना चाहती है कि उनकी अंतरात्मा कितनी बार सोती और जागती है। दरअसल, नीतीश जी की अंतरात्मा उनका हित, सुविधा, कुर्सी मोह, सत्तालोलुपता के अनुरूप समय समय पर परिस्थितियों के अनुसार सोती- जगती रहती है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि यह चंपारण सत्याग्रह का शताब्दी वर्ष है। नीतीश जी ने गांधी की धरती चंपारण से यात्रा की थी। मैं भी यात्रा में साथ था। लेकिन नीतीश जी हे राम करते करते जय श्री राम करने लगे। ऐसे में हम चंपारण जायेंगे और गांधी जी से माफ़ी मांगेंगे। कहेंगे कि हे बापू, हमें माफ कीजिएगा। हमें पता नहीं था कि हम जिसके साथ आपके पास आकर बिहार के विकास के लिए काम शुरू किये थे, वह आपके हत्यारों के साथ मिल जायेगा।