Menu

देश
राजस्थान के सवाई माधोपुर में नदी में गिरी बस, अबतक 32 की मौत

nobanner

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में भयानक सड़क हादसा हुआ है. जिले की बनास नदी के पुल से एक मिनी बस नदी में गिर गई है. इस हादसे में अबतक 32 लोगों की मौत हो चुकी है. बताया जा रहा है कि मरने वालों में चार महिलाएं औऱ तीन बच्चे भी शामिल हैं.

पुलिस अधीक्षक (सवाई माधोपुर) मामन सिंह और कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि बस बनास नदी में जिस स्थान पर गिरी उस स्थान पर पानी कम होने के कारण सात लोगों को बचा लिया गया. उन्होंने बताया कि यह हादसा सुबह करीब साढे़ सात बजे उस समय हुआ जब बस सवाई माधोपुर से लालसोट जा रही थी.

पुलिस ने शुरुआती जांच के हवाले से बताया कि बस की रफ्तार बहुत तेज थी. चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया जिसके बाद बस करीब सौ फुट की ऊंचाई से बनास नदी में जा गिरी.

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने नदी में गिरी बस में से लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया. पुलिस के मुताबिक 26 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. शेष छह ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में या उपचार दौरान दम तोड़ दिया. इनमें से 16 लोगों की शिनाख्त कर ली गई है.

सवाई माधोपुर पुलिस के अनुसार बस नदी से निकाल ली गई है. जिंदा बचे सात लोगों को उपचार के लिए सवाई माधोपुर और आस-पास के अस्पतालों में भेजा गया है.