देश
नसीमुद्दीन कांग्रेस में, आजाद बोले- माया से गठबंधन में रोड़ा नहीं बनेगी एंट्री
एक जमाने में बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती के दाहिने हाथ माने जाने वाले नसीमुद्दीन सिद्दीकी गुरुवार को कांग्रेस में शामिल हो गए. उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर और पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद की उपस्थिति में सिद्दीकी पार्टी में शामिल हुए.
गुलाब नबी आजाद ने इस मौके पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘हम आज उन सभी नेताओं का स्वागत करते हैं, जिन्होंने काफी लंबे समय तक बसपा, यूपी विधानसभा में काम किया है. उन्होंने कहा कि लोग अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधीजी के साथ काम करना चाहते हैं. कांग्रेस पार्टी देश में एक बार फिर मजबूत होकर उभरेगी. आज हम कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हैं.’
गुलाम नबी आजाद ने कहा, हमें पूरा विश्वास है कि नए साथियों के आने से हमारा संगठन और मजबूत होगा. उन्होंने कहा, बड़े गठबंधन, बड़े उद्देश्यों को हासिल करने के लिए होते हैं, ऐसे में छोटी चीजें नजर में नहीं रखी जातीं.