देश
जयेंद्र सरस्वती को आज दी जाएगी समाधि, 1 लाख से अधिक लोग कर चुके हैं अंतिम दर्शन
कांची कामकोटि पीठ के प्रमुख शंकराचार्य जयेंद्र सरस्वती को आज समाधि दी जाएगी. उनके अंतिम संस्कार में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई. पलानीस्वामी समेत दक्षिण की कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाएंगे, हालांकि उनकी ओर से केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा शामिल होंगे.
जयेंद्र सरस्वती का देहांत बुधवार सुबह हुआ था, वह 82 वर्ष के थे. जयेंद्र सरस्वती को सांस लेने में आ रही दिक्कत के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था, इलाज के दौरान उनका देहांत हुआ. बुधवार को निधन के बाद करीब 1 लाख से अधिक लोग उनके अंतिम दर्शन कर चुके हैं.
18 जुलाई 1935 को जन्मे जयेंद्र सरस्वती कांची मठ के 69वें शंकराचार्य थे. वे 1954 में शंकराचार्य बने थे. कांची मठ कई स्कूल, आंखों के अस्पताल चलाता है. इस मठ की स्थापना खुद आदि शंकराचार्य ने की थी. जयेंद्र सरस्वती को 22 मार्च, 1954 को सरस्वती स्वामिगल का उत्तराधिकारी घोषित किया गया था.