देश
अखिलेश, मायावती के प्रस्तावित कर्नाटक दौरे को BJP ने बताया-‘पॉलिटिकल टूरिज्म’
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। राज्य के हर क्षेत्र में कोई न कोई पार्टी चुनावी कैंपेन कर रही है। ऐसे में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाजवादी पार्टी के प्रमुख भी यहां पहुंच रहे हैं, जिस पर ताना कसते हुए भाजपा की ओर से पॉलिटिकल टूरिज्म कहा गया है। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर निशाना साधते हुए उत्तर प्रदेश के भाजपा ईकाई के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव और मायावती के प्रस्तावित कर्नाटक दौरे का उल्लेख राजनीतिक पर्यटन के तौर पर किया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कर्नाटक में मौजूद भाजपा कार्यकर्ता कैंपेनिंग के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चाहते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव वाले राज्यों में योगी आदित्यनाथ की कैंपेनिंग से पार्टी को फायदा हुआ है।
कर्नाटक में सपा-बसपा का कोई आधार नहीं
त्रिपाठी ने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा और बसपा दोनों ही जातिगत राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती का कर्नाटक दौरा राजनीतिक टूरिज्म है। उन्होंने अपने बयान में कहा, ‘इन दोनों पार्टियों का मुख्य आधार और उत्पत्ति उत्तर प्रदेश ही है। लेकिन राज्य में इनकी स्थिति दयनीय है। शुरुआत से ही ये दोनों बुरे वक्त का सामना कर रहे हैं। कर्नाटक में इनकी कोई पार्टी संगठन या आधार नहीं है।‘