देश
60 साल की कर्मजीत ने बदले कई मायने, पूरा पंजाब कहता है ‘किन्नू-क्वीन’
पंजाब के फाजिल्का जिले की 60 वर्षीय महिला किसान कर्मजीत कौर पूरे पंजाब में किन्नू क्वीन के नाम से जानी जाती हैं। उन्हें यह उपाधि किसी और ने नहीं बल्कि तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने दी थी। अपनी मेहनत की बदौलत उन्होंने यह मुकाम हासिल किया और आज भी वह 45 एकड़ जमीन पर पूरी तत्परता से खेती कर रही हैं।
खुद ट्रैक्टर-ट्राली चलाकर 45 एकड़ पर खेती करती हैं 60 वर्षीय कर्मजीत कौर, कक्षा आठ तक पढ़ीं
जिले की अबोहर तहसील के गांव दानेयाला निवासी कर्मजीत कौर को किन्नू (संतरा प्रजाति का फल) की बेहतर पैदावार के लिए किन्नू क्वीन की उपाधि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने दी थी। पुरानी यादों को ताजा करते हुए कर्मजीत कौर बताती हैं कि मायका परिवार राजस्थान से था और संपन्न भी था। सामाजिक रूढि़वादिता के चलते मैं कक्षा आठ तक ही पढ़ सकी थी। समाज में अपना एक स्थान बनाना चाहती थी, लेकिन कम पढ़ी-लिखी थी सो कृषि की राह अपनाई।