Menu

देश
उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान, दिल्ली से रूठा रहेगा मानसून

nobanner

एक ओर जहां दिल्ली-एनसीआर से मानसून रूठा-रूठा सा है और कुछ दिन रूठा ही रहेगा, लेकिन उत्तर और मध्य भारत में अगले कुछ दिनों में मानसून की बारिश तेज रफ्तार पकड़ेगी। इसी के साथ तटीय महाराष्ट्र और गोवा में भारी बारिश जारी रहेगी। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक, 13-14 जुलाई के आसपास बंगाल की खाड़ी के उत्तर में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। ऐसे में मानसून की सक्रिय स्थिति अगले पांच-छह दिन के दौरान मध्य भारत और दक्षिण प्रायद्वीप में जारी रह सकती है। पूर्वी और पूर्वोत्तरी भारत में भी बारिश जारी रह सकती है।

यूपी में झमाझम बारिश, गिरेगा तापमान

लखनऊ समेत यूपी के ज्यादातर जिलों में शुक्रवार सुबह रुक-रुककर बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक राजधानी और आसपास के जिलों में बारिश होने के आसार हैं। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार, अधिकांश जिलों में बादलों का असर रहेगा और अगले पांच दिनों तक कहीं सामान्य तो कहीं तेज बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। बादलों की वजह से गर्मी व उमस से राहत मिलेगी।

मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए, हो सकती है तेज बारिश

वहीं, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। वहीं, राज्य में बीते दो दिनों से जारी बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। शुक्रवार को आसमान पर छाए बादलों के चलते गर्मी से राहत है, साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई हैं। बादलों के छाने के साथ ही बीच-बीच में चलने वाली हवा मौसम को सुहावना बना दे रही है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई, जिससे जनजीवन भी प्रभावित रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घटों में राज्य के कई हिस्सोँ में सामान्य से लेकर भारी बारिश हो सकती है। राज्य में बारिश के चलते गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री, इंदौर का 22.2 डिग्री, ग्वालियर का 25 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार में सुबह तेज धूप, किसान परेशान

बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह तेज धूप निकली है। इस वर्ष जुलाई महीने में अभी तक तेज बारिश नहीं होने से लोग और खासकर किसान परेशान हैं। राजधानी पटना का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि अगले 24 से 48 घंटे के दौरान बिहार के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है लेकिन भारी बारिश की उम्मीद नहीं है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो रही है लेकिन वह पर्याप्त नहीं है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भागलपुर का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस, गया का 28.0 डिग्री और पूर्णिया का 27़ 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पटना का शुक्रवार को अधिकतम पारा 38.0 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।