Menu

देश
जानें- पाकिस्तान में इमरान खान के पीएम बनने का भारत पर क्या असर पड़ेगा?

nobanner

क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री होंगे. पाकिस्तान में कल हुए आम चुनाव के बाद लगातार वोटों की गिनती जारी है। 272 सीटों पर हुए चुनाव में इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी बड़े मार्जिन से सबसे आगे चल रही है. जानें इमरान खान के पीएम बनने का भारत पर क्या असर पड़ेगा.

विदेशी मामलों के जानकार कमर आगा का कहना है, ‘’जहां तक कश्मीर और भारत का सवाल है तो पाकिस्तान की नीति वही होगी जो पाकिस्तान की सेना तय करेगी. इमरान खान खुद भी कह चुके हैं कि वह सेना के साथ मिलकर काम करेंगे. पाकिस्तान में इमरान खान के बारे में कहा जाता है कि वह सेना के पोस्टर बॉय हैं. वह वही करते हैं जो सेना उनसे कहती है.’’

कमर आगा के मुताबिक, ‘’इमरान खान के पीएम बनने के बाद सबकी निगाहें इस बात पर टिकी होंगी कि क्या आने वाले समय में सेना की नीति में कोई बदलाव आएगा.’’ उन्होंने कहा, ‘’इस वक्त पाकिस्तान के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. वहां के हालात अच्छे नहीं हैं.’’

कमर आगा ने कहा, ‘’भारत का मानना यह है कि जबतक पाकिस्तान में आतंक है तबतक वह बातचीत नहीं करेगा. ऐसे में अगर पाकिस्तान को भारत के साथ बातचीत को आगे बढ़ाना है तो उन्हें आंतक को खत्म करना होगा.’’

बता दें कि इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने अपने घोषणा पत्र में कहा था कि उनकी पार्टी भारत के साथ शांतिपूर्ण रिश्ते चाहती है और उसी तरफ अपने कदम आगे बढ़ाएंगे. वहीं कश्मीर को लेकर घोषणा पत्र में कहा गया है कि इस मामले में पाकिस्तान तटस्थता से अपना रुख संयुक्त राष्ट्र के साथ रखेगा.