देश
लखनऊ शूटआउट पर बोले UP के मंत्री- योगी राज में सिर्फ अपराधी मारे जाते हैं
लखनऊ में ऐपल के सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में योगी सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने आरोपी पुलिस कॉन्स्टेबल का बचाव करते हुए गोलीकांड में मारे गए विवेक तिवारी को अपराधी तक करार दे दिया. जब उनसे इस मामले में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि योगी राज में सिर्फ अपराधी मारे जाते हैं.
योगी के मंत्री का यह विवादित बयान उस समय सामने आया है, जब पुलिस कॉन्स्टेबल की गोली से विवेक तिवारी की हत्या को लेकर बवाल मचा हुआ है. यहां तक कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इस घटना पर बयान दे चुके हैं. उन्होंने साफ कहा है कि यह एनकाउंटर नहीं था. इसके अलावा आला पुलिस अधिकारी भी इसमें यूपी पुलिस की गलती बता रहे हैं.
इसके अतिरिक्त सूबे के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कह चुके हैं कि इस मामले की जांच जारी है और दोनों कॉन्स्टेबलों के खिलाफ आरोप साबित होने पर खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर विस्तार में शुक्रवार देर रात पुलिस कॉन्स्टेबल प्रशांत चौधरी ने ऐपल के सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी को गोली मार दी थी, जिसके चलते उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद आरोपी पुलिस कर्मी को नौकरी से निकाल दिया गया है.
इस मामले में मृतक का परिवार लगातार पुलिस पर सवाल उठा रहा है. मृतक की पत्नी कल्पना तिवारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि मेरे पति का तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा जब तक मुख्यमंत्री उनसे मुलाकात नहीं करते. पीड़ित परिवार ने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है. साथ ही एक करोड़ रुपये का मुआवजा मांगा है.
कल्पना ने कहा कि अगर मेरे पति किसी संदिग्ध हालत में थे भी तो भी पुलिस को कोई हक नहीं कि वो मेरे पति को गोली मारे. अगर विवेक ने पुलिस के कहने पर गाड़ी नहीं रोकी तो आरटीओ दफ्तर जाकर उनकी गाड़ी का नंबर नोट करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए थी. पुलिस ने आखिर उन्हें गोली क्यों मारी? क्या वो कोई आतंकवादी थे.
कल्पना के मुताबिक, ‘मैं सना (जो उस समय विवेक के साथ गाड़ी में मौजूद थीं) को जानती हूं जो उस समय मेरे पति के साथ मौजूद थी. कल्पना ने बताया कि अस्पताल के एक कर्मचारी ने फोन पर मुझे जानकारी दी कि आपके पति और उनके साथ मौजूद महिला को चोट लगी है. आखिर पुलिस ने मुझे इस बात की जानकारी क्यों नहीं दी?’ वहीं, विवेक के रिश्तेदार विष्णु शुक्ला ने पूछा कि क्या विवेक आतंकवादी थे जो पुलिस ने उन पर फायरिंग की? इसके साथ ही इस मामले में उन्होंने निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग की है.
Service Unavailable
The server is temporarily unable to service your request due to maintenance downtime or capacity problems. Please try again later.
Additionally, a 503 Service Unavailable error was encountered while trying to use an ErrorDocument to handle the request.