Ratan Tata Death Live Updates: ‘खो गया देश का अनमोल रत्न’,रतन टाटा के निधन पर सीएम एकनाथ शिंदे का लंबा और भावुक पोस्ट
टाटा समूह के चेयरमैन और वरिष्ठ उद्योगपति रतन टाटा ने बुधवार रात इस दुनिया को छोड़ कर चले गए। 86 साल की उम्र में देश और दुनिया को अलविदा कहने वाले रतन टाटा को खराब स्वास्थ्य के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो दिन पहले ही उन्होंने अपने स्वास्थ्य पर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने और खुद क स्वस्थ बताया था। रतन टाटा के निधन पर राजनीतिक जगत से कई लोगों ने दुख जताया। इनमें पीएम मोदी, राजनाथ सिंह, राहुल गांधी सहित कई दिग्गज शामिल हैं।
नितिन गडकरी ने रतन टाटा के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि देश के महान सुपुत्र रतन टाटा जी के निधन का समाचार सुन कर स्तब्ध हूं। रतन टाटा जी से तीन दशकों से अधिक का अत्यंत घनिष्ट पारिवारिक संबंध रहा है। इतने बड़े व्यक्ति की सादगी, उनकी सहजता, अपने से छोटे का भी सम्मान करना, ये सारे गुण मैने काफी नजदीक से देखे और अनुभव किए है। मुझे अपने जीवन में उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। देश के सबसे बड़े व्यावसायी के नाते देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में, रोजगार निर्माण करने में उनका बड़ा योगदान है। वो परम देश भक्त होने के साथ साथ उसुलों पर चलने वाले इन्सान थे। जितने बड़े व्यावसायी थे, उससे भी बड़े संवेदनशील समाजसेवी थे। उनके निधन से भारत ने एक आदर्श और कर्तृत्ववान सुपुत्र को खोया है। ये देश रतन टाटा जी को कभी भूल नही सकता। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। ॐ शांति
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सरकार की ओर से गुरुवार को दिग्गज उद्योगपति और परोपकारी रतन नवल टाटा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योगपति के भाई नोएल से बात कर संवेदना व्यक्त की है। दूरदर्शी कारोबारी नेता के रूप में जाने जाने वाले भारतीय समूह टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष रतन टाटा का बुधवार रात मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। टाटा संस के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन ने टाटा के निधन की पुष्टि की और एक बयान में उन्हें अपना ‘मित्र, गुरु और मार्गदर्शक’ बताया।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने रतन टाटा के निधन पर कहा कि मशहूर उद्योगपति और सच्चे राष्ट्रवादी, रतन टाटा जी के निधन से गहरा दुख हुआ है। उन्होंने अपना जीवन निस्वार्थ भाव से हमारे देश के विकास के लिए समर्पित कर दिया। हर बार जब मैं उनसे मिला, तो भारत और इसके लोगों के भलाई के प्रति उनका उत्साह और प्रतिबद्धता मुझे चकित कर देती थी। हमारे देश और इसके लोगों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने लाखों सपनों को खिलने में मदद की। समय रतन टाटा जी को उनके प्यारे देश से दूर नहीं ले जा सकता। वह हमारे दिलों में जीवित रहेंगे। मेरी संवेदना टाटा ग्रुप और उनके अनगिनत प्रशंसकों के साथ है। ओम शांति शांति शांति
रतन टाटा के निधन के बाद उनसे जड़ी कई बातें अब लोग याद कर रहे हैं। अपने निधन से दो दिन पहले रतन टाटा ने एक भावुक पोस्ट डाली थी। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा कि शुक्रिया, आप हमारे बारे में सोचते हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी दी थी। उन्होंने दो दिन पहले कहा था कि वह बिल्कुल ठीक हैं और अपने रेगुलर चेकअप के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल आए हैं।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रतन टाटा के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि रतन टाटा का निधन एक युग का अंत है। वे भारतीय उद्योग के आधुनिकीकरण से गहराई से जुड़े थे। और इससे भी अधिक इसके वैश्वीकरण के साथ जुड़े थे। उनके साथ कई मौकों पर बातचीत करने का मेरा सौभाग्य था और उनके दृष्टिकोण और अंतर्दृष्टि से लाभान्वित हुआ। उनके निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। ओम शांति।
उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि रतन टाटा जी बहुत ही सफल उद्योगपति तो थे ही लेकिन उससे भी बड़े व्यक्ति के रूप में हम उन्हें देखते हैं। उन्होंने देश और समाज के लिए काम किया है। उन्होंने केवल सफल उद्योग नहीं बल्कि एक ऐसा ब्रांड खड़ा किया जिसने हमारे देश को एक वैश्विक पहचान दी, देश के लिए ये बहुत बड़ा नुकसान है।
मुंबई पुलिस के दक्षिण क्षेत्र के अतिरिक्त आयुक्त अभिनव देशमुख ने कहा, ‘सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3:30 बजे तक रटन टाटा पार्थिव शरीर दर्शन के लिए NCPA में रखा जाएगा। जो भी लोग दर्शन के लिए आएंगे उनसे अपील है कि वहां पार्किंग की सुविधा नहीं है तो उन्हें पुलिस के निर्देशों का पालन करना होगा और अपनी पार्किंग की व्यवस्था देख कर आएं, पुलिस पूरी तरह से तैनात रहेगी।’