Menu

अपराध समाचार
गालीगलौज, कार पर फेंके पत्थर, फिर किया हमला… बेंगलुरु में एयरफोर्स ऑफिसर और पत्नी संग मारपीट

nobanner

बेंगलुरु से इंडियन एयरफोर्स के अधिकारी पर हमले की खबर सामने आई है. वायुसेना के विंग कमांडर आदित्य बोस और उनकी पत्नी स्क्वाड्रन लीडर मधुमिता सी.वी. पर रविवार (20 अप्रैल, 2025) की शाम को एक बाइक सवार ने अचानक हमला कर दिया. यह घटना तब हुई जब दोनों अधिकारी अपनी निजी कार में रमन नगर स्थित डीआरडीओ कॉलोनी से एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे.

हमले में विंग कमांडर बोस को चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं. उन्होंने घटना की जानकारी खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो के जरिए साझा की, जिसमें उनके चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान साफ देखे जा सकते हैं. बेंगलुरु ने विंग कमांडर पर हमले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उनकी पत्नी ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज की. रिपोर्ट्स के अनुसार, एक बाइक सवार ने उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू किया और कन्नड़ भाषा में गाली-गलौज करते हुए उनकी कार को ओवरटेक कर रोक दिया. इसके बाद जो हुआ वो बेहद चौंकाने वाला था.

बाइक सवार ने की चाबी और पत्थर से हमला
विंग कमांडर बोस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर पूरी घटना को विस्तार से बताया है. वीडियो में साफ नजर आता है कि उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बाइक सवार ने पहले उनकी कार के सामने बाइक रोक कर गाली दी, फिर जब बोस गाड़ी से बाहर आए तो उस व्यक्ति ने उनकी माथे पर चाबी से वार किया.

इतना ही नहीं, बाइक सवार ने उनकी गाड़ी पर पत्थर भी फेंका, जिससे उनके सिर पर दोबारा चोट लगी. बोस के अनुसार, जब वह मदद के लिए इधर-उधर देख रहे थे, तब आसपास खड़े लोगों ने उल्टा उनपर और उनकी पत्नी पर ही गाली-गलौज शुरू कर दी.

DRDO का स्टिकर देख और आक्रामक हुआ हमलावर

बोस ने अपने वीडियो में यह भी बताया कि जैसे ही बाइक सवार ने उनकी कार पर DRDO (Defence Research and Development Organisation) का स्टिकर देखा, वह और ज्यादा आक्रामक हो गया. उसने न सिर्फ बोस को गालियां दी, बल्कि उनकी पत्नी को भी अपमानित किया.

बता दें कि विंग कमांडर बोस की ओर से इस हमले को लेकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है. सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है, और लोग इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई लोग हमलावर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.