Menu

देश
13 साल की नाबालिग से 80 लोगों ने 8 महीने तक किया गैंगरेप, जिस्मफरोशी के लिए मजबूर किया

nobanner

आंध्र प्रदेश के गुंटूर से 13 साल की लड़की से गैंगरेप की रोंगटे खड़े करने की खबर सामने आई है। पुलिस ने मंगलवार को इस लड़की का रेस्क्यू किया, जिससे जबरन जिस्मफरोशी करवाई गई। नाबालिग के साथ 8 महीने से ज्यादा वक्त तक 80 लोगों ने गैंगरेप किया। उसे तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के वेश्यालयों में वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर किया गया। पुलिस ने सभी 80 आरोपियों की पहचान कर ली है। और 10 को गिरफ्तार कर लिया है। बाकियों की तलाश जारी है।

मां की सहेली ने ही दिया धोखा
मासूम का बुरा वक्त तब शुरू हुआ जब उसकी मां की मौत कोरोना से हो गई थी। इससे पहले जून 2021 में एक हॉस्पिटल में स्वर्णा कुमारी नाम की महिला उसकी मां की सहेली बनी थी। स्वर्णा ने ही उस मासूम को गोद लिया और उसके पिता को बिना बताए अपने साथ ले गई।

पिता ने दर्ज की शिकायत तो लगी खबर
अगस्त 2021 में पीड़ित के पिता ने पुलिस में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई। तब पुलिस स्वर्णा कुमारी तक पहुंची। पुलिस ने बताया कि 80 लोगों की पहचान हो गई है। इस मामले में पहली गिरफ्तारी जनवरी में हुई थी।

19 अप्रैल को गुंटूर की वेस्ट जोन पुलिस ने 10 लोग, जिनमें बीटेक स्टूडेंट भी शामिल हैं, उन्हें अरेस्ट किया है। आरोपियों और पीड़िता से पूछताछ करने पर पुलिस को पीड़िता की स्थिति की दर्दनाक और चौंकाने वाली हकीकत का पता चला।

एक आरोपी लंदन में है
ASP के सुपराजा के मुताबिक पुलिस ने पहले सभी आरोपियों की पहचान की और इसके बाद उनकी धरपकड़ शुरू की। इनमें से कुछ गिरोह चलाने वाले हैं, 35 दलाल हैं और बाकी ग्राहक बनकर पहुंचने वाले लोग हैं। लड़की की उम्र और हालात का फायदा उठाकर कई गिरोहों ने उसकी खरीद-फरोख्त की और उसे प्रदेश में कई जगह बेचा गया।

पुलिस एक आरोपी की तलाश में है जो लंदन में है। इस केस में पुलिस ने विजयवाड़ा, हैदराबाद, काकीनाडा और नेल्लोर से पकड़े गए आरोपियों से एक कार, 53 मोबाइल, तीन ऑटो और कुछ बाइक भी बरामद की हैं।