देश
गृहमंत्री राजनाथ सिंह बोले, ‘भारत के मुकुट पर हमारे पड़ोसी की है बुरी नजर’
लोकसभा में कश्मीर मुद्दे पर जवाब देते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विदेश दौरे पर होते हुए भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर के मुद्दे पर सारी जानकारी ली और वापस आते ही कश्मीर मुद्दे पर बैठक की।
राजनाथ सिंह पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहते हैं कि कश्मीर धरती का स्वर्ग है, लेकिन हमारे पड़ोसी की इस पर बुरी नजर है। उन्होंने कहा कि भारत में जो आतंकवाद है वह पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद है। वे बोले कि कश्मीर भारत का मुकुट है।
राजनाथ बोले कि पाकिस्तान में अंदर ही अंदर घमासान चल रहा है, लेकिन उसे सुधारने के बजाय पाकिस्तान भारत को तोड़ना चाहता है। भारत के मुसलमान भाइयों को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह बोले कि मुसीबत की घड़ी में हिंदू-मुस्लिम सभी एक साथ खड़े नजर आए।
पाकिस्तान की भारत को अस्थिर करने की कोशिश
पाकिस्तान लगातार भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है।PC: अमर उजाला
पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि भारत के मुसलमान भाइयों की चिंता करने के बजाए पाकिस्तान अपने देश में स्थिरता लाने पर ध्यान दे। पाकिस्तान लगातार भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि कश्मीर के कुछ नौजवानों को बरगलाने की कोशिश की गई है। किसी भी हमले में अगर भारत का कोई जवान मारा जाता है तो कुछ विकृत मानसिकता के लोग जश्न मनाने का काम करते हैं। यहां तक कि न्यायालय से भी अगर किसी को सजा-ए-मौत दे दी जाती है तो उसे कुछ लोग गलत कहते हैं।
न सब के लिए उन्होंने पाकिस्तान को जिम्मेदार बताया और कहा कि पाकिस्तान ही नौजवानों को बरगला रहा है। गृहमंत्री ने कहा कि कश्मीर के हालात को सुधारने की जरूरत है, लेकिन यह सिर्फ सरकार नहीं कर सकती। हम सभी को साथ मिलकर इस हालात का सामना करना पड़ेगा।