देश
परमदेव ने भी छोडी BSP, कहा-मायावती ने पार्टी को परचून की दुकान बना दिया
परमदेव ने भी छोडी BSP, कहा-मायावती ने पार्टी को परचून की दुकान बना दिया
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता विरोधी दल रहे स्वामी प्रसाद मौर्य और इलाहाबाद-मिर्जापुर जोन के कोडार्डिनेटर आर के चौधरी के बाद बहुजन समाज पार्टी के सचिव रहे परमदेव यादव ने भी पार्टी छोड दी।
यादव पश्चिम बंगाल और झारखण्ड के पार्टी प्रभारी भी रह चुके हैं। बसपा छोडने के बाद यादव ने पार्टी अध्यक्ष मायावती पर गंभीर आरोप लगते हुए कहा कि मायावती से मिलने के लिए भी पैसे देने पडते हैं। उन्होंने कहा कि मायावती ने पार्टी को परचून की दुकान बना दिया है।
बसपा संस्थापक कांशीराम और डा0 भीम राव अम्बेडकर के आदर्शों पर चलने का दावा करने वाली मायावती उनके सपनो को बेच रही हैं। दलितों की पार्टी में पूछ नहीं रह गई है। पिछडों पर शक किया जाता है। मैंने पूरी जिन्दगी पार्टी को दे दी लेकिन अब मायावती के तानाशाही रवैये से ऊबकर पार्टी छोड रहा हूं।
यादव ने कहा कि उन्होंने अभी तक तय नहीं किया है कि वह किस पार्टी में जाएंगें। अपने समर्थकों से बातचीत कर जल्द ही इस बारे में निर्णय लेगें।