अगर आप भी iPhone यूजर हैं, तो आपको Apple ने बड़ा तोहफा दे दिया है! ऐपल ने अपनी नई जनरेशन के ऑपरेटिंग सिस्टम iOS 27 का पब्लिक बीटा वर्जन आधिकारिक तौर पर रोलआउट कर दिया है. इस बार ऐपल ने बड़ा बदलाव किया है. आईफोन यूजर को अब सुस्त पड़ी Siri को Google के सबसे शक्तिशाली AI मॉडल Gemini की ताकत देकर Siri AI के रूप में फिर से एडवांस बनाया है. साथ ही इस अपडेट में कई ऐसे चौंकाने वाले फीचर्स भी दिए गए हैं, जो एंड्रॉयड यूजर्स को भी हैरान कर देंगे. आइए जानते हैं कि इस नए अपडेट में क्या कुछ खास है…
Apple ने पिछले महीने अपने सालाना इवेंट WWDC 2026 में iOS 27 समेत अपने नए ऑपरेटिंग सिस्टम्स को पेश किया था. इस बार कंपनी पूरी तरह से AI पर दांव खेल रही है, जिसके तहत Siri का पूरा हुलिया बदल दिया गया है. अगर आप भी ऐपल के इन नए फीचर्स का मजा सबसे पहले लेना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. कंपनी ने अब iOS 27 Public Beta को रोलआउट करना शुरू कर दिया है.
क्या होता है पब्लिक बीटा?
iOS 27 पब्लिक बीटा दरअसल एक शुरुआती वर्जन होता है, जो सभी के लिए फ्री में उपलब्ध कराया जाता है. इसका फुल और फाइनल वर्जन इस साल सितंबर में iPhone 18 Pro सीरीज के लॉन्च के साथ जारी किया जाएगा. यानी पब्लिक बीटा के जरिए आप आम यूजर्स से पहले नए फीचर्स का एक्सपीरियंस ले सकते हैं.
गूगल जेमिनी की ताकत के साथ हुई बिल्कुल नई
अब तक ChatGPT और Gemini जैसे टूल्स से पिछड़ रही ऐप्पल की एआई सिरी को कंपनी ने बिल्कुल नए अवतार में पेश किया है. अब इसे Siri AI नाम दिया गया है, जो Google के Gemini AI मॉडल्स पर काम करती है. सबसे खास बात यह है कि सिरी को अब उसका खुद का एक अलग ऐप भी मिल गया है.
अब सिरी इंसानों की तरह लगातार बातें याद रख सकती है और आपके फॉलो-अप सवालों को आसानी से समझ सकती है.
यह आपके Mail, मैसेज, नोट्स और कैलेंडर में जाकर आपके पर्सनल काम की चीजें भी ढूंढ सकती है.
स्क्रीन पर क्या चल रहा है, सिरी उसे देखकर भी जवाब दे सकती है.
आप इसकी बोलने की स्पीड और बात करने के अंदाज को अपने हिसाब से कस्टमाइज कर सकते हैं.
बता दें कि Siri AI का इस्तेमाल करने के लिए आपके पास iPhone 15 Pro या उससे ऊपर का मॉडल होना जरूरी है.
iOS 27 के दूसरे दमदार AI फीचर्स
Photos ऐप हुआ एडवांस
फोटो से अनचाही चीजें हटाने के लिए अब और भी बेहतर Clean Up टूल लाया गया है. साथ ही Extend फीचर से फोटो को AI की मदद से बड़ा किया जा सकता है. फोटो खींचने के बाद कैमरे की पोजीशन को एडजस्ट करने के लिए Spatial Reframing फीचर भी आ गया है.
स्मार्ट Safari ब्राउजर
सफारी अब टॉपिक्स के हिसाब से आपके टैब्स को ऑर्गनाइज कर सकता है. साथ ही साधारण भाषा में कमांड देकर आप कस्टम एक्सटेंशन भी बना सकते हैं.
जबरदस्त स्पीड
ऐपल का दावा है कि इस अपडेट के बाद ऐप्स 30% तेजी से खुलेंगे, खींची गई फोटोज 70% तेजी से गैलरी में दिखेंगी और एयरड्रॉप ट्रांसफर स्पीड 80% तक फास्ट हो जाएगी.
Liquid Glass स्लाइडर
स्क्रीन की रीडेबिलिटी सही करने के लिए लिक्विड ग्लास इफेक्ट को कम या ज्यादा करने का स्लाइडर दिया गया है, जिसे अल्ट्रा-क्लियर से लेकर फुली-टिंटेड मोड पर सेट किया जा सकता है.
एंड्रॉयड वाला कमाल का फीचर
सालों बाद आईफोन में अब आप अलार्म की वॉल्यूम को फोन की रिंगटोन वॉल्यूम से अलग एडजस्ट कर पाएंगे. इसके साथ ही AirPods के लिए कस्टम इक्वालाइजर भी दिया गया है.
कौन से आईफोन में करेगा काम और कैसे करें इंस्टॉल?
iOS 27 पब्लिक बीटा पूरी तरह से फ्री है. यह उन सभी आईफोन्स को सपोर्ट करता है जिसमें iOS 26 चलता है. यानी iPhone 11 सीरीज, उसके बाद के सभी मॉडल्स और iPhone SE 2nd Gen या नए आईफोन पर.
इंस्टॉल करने का तरीका-
अपने आईफोन के सफारी ब्राउजर पर ऐपल की iOS Beta वेबसाइट पर जाएं.
अपने उस ऐपल अकाउंट से साइन-इन करें जो आपके फोन में लॉगिन है.
ऐपल के बीटा सॉफ्टवेयर एग्रीमेंट को हां करें.
इसके बाद अपने फोन की Settings में जाएं, वहां General वाले ऑप्शन से होकर Software Update में जाएं, वहां आपको बीटा अपडेट का ऑप्शन मिल जाएगा, यहां से आप इसे डाउनलोड कर सकते हैं.
बीटा सॉफ्टवेयर में कुछ बग्स हो सकती हैं, जिससे बैटरी जल्दी खत्म होना या ऐप्स क्रैश होने जैसी दिक्कत आ सकती है. इसलिए इसे इंस्टॉल करने से पहले अपने फोन का बैकअप जरूर ले लें.
