सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक 24 साल की युवती चिल्लाती नजर आ रही है और उसका पुराना क्लासमेट अयाज ताज मदारे जबरदस्ती उसके हाथ पकड़े हुए है. मदारे कुरान की आयतें पढ़कर युवती पर फूंक मार रहा है, जबकि महिला लगातार चिल्ला रही है. पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उन्होंने उसे मुसलमान घोषित कर दिया और उसके साथ रेप किया गया.
नागपुर में भारतीय वायु सेना के अधिकारी की पत्नी के साथ ये दरिंदगी की गई है. पीड़िता का आरोप है कि उसे नशीली दवा देकर रेप किया गया, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया और उससे लाखों रुपये ऐंठे गए. इन सबके बाद धर्म बदलने के लिए दबाव डाला गया. हालांकि यह घटना 1 साल पुरानी है, लेकिन अब पीड़िता द्वारा अपने पति को घटना के बारे में बताने और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद अब ये मामला सामने आया है.
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मदारे और अमीन शेख को गिरफ़्तार कर लिया है, जबकि मध्य प्रदेश के तामिया निवासी तीसरे आरोपी हजरत मौलाना की तलाश जारी है. पुलिस के मुताबिक शिकायत करने वाली 24 साल की महिला के पति इंडियन एयर फ़ोर्स में हैं और अभी दूसरे शहर में तैनात हैं. पीड़िता प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है.
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, फरवरी 2025 में अयाज़ ने कथित तौर पर एक प्लॉट खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया और उसे वर्धा रोड पर एक होटल में बुलाया. महिला का आरोप है कि उसने उसे नशीला पदार्थ मिला हुआ जूस पिलाया और बेहोशी की हालत में उसके साथ रेप किया, साथ ही इस हरकत का वीडियो और फ़ोटो भी बनाए.
पीड़िता का कई बार रेप
शिकायत के अनुसार आरोपी ने बाद में उन अश्लील वीडियो का इस्तेमाल करके उसे ब्लैकमेल किया, बार-बार उसका रेप किया और कथित तौर पर उससे 3.09 लाख रुपये ऐंठे. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उस पर इस्लाम अपनाने का दबाव डाला गया और धार्मिक रीति-रिवाजों के नाम पर उससे कई तरह की चीजें कराई गईं.
आरोपियों ने मुसलमान बनने का किया दावा
उसने यह भी दावा किया कि मई 2025 में आरोपी उसे नागपुर के कलमेश्वर ले गया, जहां उसे अमीन शेख और हजरत मौलाना से मिलवाया गया. शिकायत के अनुसार वे तीनों उसे एक सुनसान जगह पर ले गए, कुछ धार्मिक रीति-रिवाज किए और दावा किया कि उसका धर्म परिवर्तन पूरा हो गया है. उसने यह भी आरोप लगाया कि इसके बाद उसके साथ फिर से बलात्कार की कोशिश की गई.
कई धाराओं में केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक तीन दिन पहले जब उसका पति ड्यूटी से घर लौटा तो महिला ने उसे इन कथित घटनाओं के बारे में बताया. इसके बाद सोनेगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने बलात्कार, जबरन वसूली, धर्म परिवर्तन की कोशिश और महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, बुरी और अघोरी प्रथाओं और काले जादू की रोकथाम और उन्मूलन अधिनियम’ के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है.
