महाराष्ट्र में चल रहे सियासी घमासान के बीच शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने बीजेपी के एनडीए गठबंधन पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, “मुझे लगता ही कि एक दिन अमित शाह और पीएम मोदी एक साथ बैठकर बोलेंगे की मैं तुझे फोड़ता हूं तु मुझे फोड़, पार्टी तोड़ने के बाकी कोई बचेगा नहीं.”
शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने कहा, “दोनों ही एक दूसरे को फोड़ेंगे. बीजेपी को ही फोड़ देंगे. लोगों में पार्टी फोड़ने का इतना नशा है कि अगर कुछ नहीं बचा तो अपनी पार्टी ही फोड़ देंगे.” संजय राउत ने आगे आरोप लगाया कि तमिलनाडु में टीवीके के विधायक तोड़ने के लिए 35-35 करोड़ का खेल हो गया. 15 विधायक तोड़कर टीवीके सरकार गिराने की कोशिश की जा रही है.
‘इन लोगों को चैन नहीं है….’
संजय राउत ने कहा, “इन लोगों को चैन नहीं है. इन्हें नींद नहीं आती. अगर किसी को एक दिन नहीं तोड़ा तो इन लोगों को नींद नहीं आती.” उन्होंने आगे कहा, क्या कर सकते हैं देश का लोकतंत्र इतने नीचे स्तर पर गिर चुका है. आने वाली पीढ़ी को बताना पड़ेगा कि लोकतंत्र था.
उन्होंने विपक्ष को लेकर कहा कि विपक्ष क्या करेगा. सेंट्रल एजेंसी और पैसे का इस्तेमाल कर विपक्ष की पार्टियां तोड़ रहे हैं. जिस दिन यह लोग सत्ता में नहीं रहेंगे और सुरक्षा एजेंसियां हमारे पास आएगी तो बीजेपी के 10 मिनट में 10 टुकड़े हो जाएंगे. एक भी पार्टी नहीं बचेगी. न एकनाथ शिंदे, अजीत पवार गुट और न बीजेपी बचेगी. सिर्फ 1 घंटे के लिए ईडी, सीबीआई हमें दे दो.
राम मंदिर विवाद पर की गिरफ्तारी की मांग
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने केंद्र और जांच एजेंसियों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि इस मामले में सिर्फ छोटे लोगों पर कार्रवाई की गई है, जबकि इस मामले में लिप्त गंभीर आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाना चाहिए. संजय राउत ने कहा, “सबसे पहले चंपत राय को गिरफ्तार कीजिए. अनिल मिश्रा को गिरफ्तार कीजिए. गोपाल राय को गिरफ्तार कीजिए.”
