Headlines

UP राज्यसभा चुनाव: सपा के बागियों को माफ करेंगे अखिलेश यादव? बस रखी एक शर्त

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव के बहाने विपक्षी दलों और पुराने साथियों यानी बागियों को साथ आने का संदेश दिया है. अखिलेश ने एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव से पहले मिलन का एक समय आता है. हम सारी गलतियां भूलने को तैयार है. जिन्हें लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए हमारे साथ आना है वो साथ आए.

उन्होंने कहा कि जो साथी रास्ता भटक गए हैं और दोबारा साथ आना चाहते हैं, उनके लिए सपा अपने दरवाजे खुले रखेगी. महंगाई बढ़ रही है और पेट्रोल में इथेनॉल मिलाया जा रहा है, तो राज्यसभा चुनाव से पहले मिलन का समय है. पुरानी बातें भूलकर साथ आने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि जो लोग रास्ता भूल गए हैं और कभी साथ थे, अगर वे दोबारा साथ आना चाहते हैं तो समाजवादी पार्टी पुरानी बातें भूलने के लिए तैयार है. उन्होंने अप्रत्यक्ष तौर पर शर्त रखते हुए कहा कि बीजेपी को हराने के लिए सभी को साथ आना चाहिए.

गोमती में जलभराव को लेकर सरकार पर निशाना

अखिलेश यादव लखनऊ के गोमती नदी के किनारे वाले क्षेत्रों में लगातार कई दिनों जलभराव की समस्या को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गोमती किनारे रहने वाले बहुत से परिवार जलभराव के संकट से जूझ रहे हैं. लोगों के घरों के बाहर ही नहीं, बल्कि घरों के अंदर तक पानी पहुंच गया है. सरकार इस समस्या को लेकर सो रही है. ये वही लोग है जिन्होंने स्मार्ट सिटी बनाने और नदी को साफ करने के लिए बड़ा बजट जारी किया था. बजट तो खत्म हो गया लेकिन काम पूरा नहीं हुआ.

तभेद भुलाकर पुराने गठबंधन को आगे बढ़ाने की बात

सपा अध्यक्ष ने विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन पर कहा कि जिस गठबंधन ने पहले बीजेपी को हराया था, उसी गठबंधन को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा. अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस गठबंधन ने सबसे ज्यादा सीटें दी थीं और अब इसे आगे ले जाने की जरूरत है. अखिलेश यादव ने कहा कि देश के पास शानदार लोकतंत्र और संविधान है. इसे बचाने के लिए सभी लोगों को एक साथ आना चाहिए. उन्होंने विपक्षी साथियों से पुराने मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *