Headlines

Monsoon Update: मानसून की रफ्तार पर ब्रेक, 23 जून तक कई राज्यों में इंतजार, दिल्ली-UP में बारिश और लू का डबल अलर्ट

देश के मौसम में इस वक्त एक अलग ही तस्वीर देखने को मिल रही है. एक तरफ देश के कई राज्यों में मानसून पहले ही पहुंच चुका है और जोरदार बारिश हो रही है तो दूसरी तरफ कुछ राज्य अभी भी मानसून की राह देख रहे हैं. मौसम विभाग ने बताया है कि मानसून आखिर कहां तक पहुंचा है ! किन राज्यों में अभी इसका इंतजार बाकी है और कब तक इन इलाकों में मानसून की एंट्री हो सकती है.

IMD  के मुताबिक मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फूलबनी, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर वाली लाइन से होकर गुजर रही है. पंजाब से बिहार तक एक मौसमी ट्रफ फैला हुआ है और उत्तरी पाकिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है

उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पास भी हवा का एक चक्र बना हुआ है. इन सबकी वजह से उत्तर भारत के मौसम पर असर पड़ रहा है और जिन इलाकों में मानसून को आगे बढ़ना था वहां वो माहौल नहीं बन पाया जो उसके लिए जरूरी होता है ! यही वजह है कि मानसून बीच में अटका हुआ नजर आ रहा है और तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को अभी इंतजार करना पड़ रहा है.मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि अगले चार से पांच दिनों में स्थिति बदल सकती है.

मानसून का इंतजार

तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां बन रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार 23 जून के आसपास इन इलाकों में मानसून पहुंच सकता है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और इस सप्ताह पूर्वोत्तर क्षेत्र, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। दूसरी ओर, जहां मानसून अभी नहीं पहुंचा है वहां गर्मी का असर जारी है। मध्य प्रदेश में 21 जून तक, विदर्भ में 20 जून तक, तेलंगाना में 19 जून तक और छत्तीसगढ़ में 17 जून तक कुछ क्षेत्रों में लू चलने की चेतावनी है। मानसून में देरी से इन राज्यों में गर्मी और उमस से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

दिल्ली में बदलाव

दिल्ली में मानसून अभी नहीं पहुंचा है लेकिन आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जरूर देखने को मिलेगा .17 जून को दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और दोपहर या शाम के वक्त बूंदाबांदी के साथ आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है. 18 जून को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और शाम या रात के वक्त हल्की बारिश के साथ आंधी की संभावना है तापमान 37 से 39 डिग्री तक पहुंच सकता है. 19 जून को सुबह और दोपहर के वक्त गर्जन के साथ हल्की आंधी आ सकती है और तापमान 38 से 40 डिग्री तक जा सकता है.  20 जून को दोपहर या शाम के समय तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.

यूपी में लू

उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां भी मानसून का अभी इंतजार बाकी है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जून और फिर 23 जून को कहीं-कहीं हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जून और 22 से 23 जून के बीच भी इसी तरह की बारिश की संभावना जताई गई है. साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 22 जून तक लू चलने की चेतावनी भी दी गई है यानी इस दौरान गर्मी का असर भी बना रहेगा. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 22 जून के बीच भी कुछ इलाकों में लू की स्थिति बन सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *