Headlines

BJP के लिए बड़ा झटका बनकर आए राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजे, जयपुर में कांग्रेस की बंपर जीत

राजस्थान पंचायत चुनाव की मतगणना के बीच नतीजे सामने आने शुरू हो गए हैं और इसी के साथ जयपुर में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका लगा है. जिला परिषद की 57 में से 7 सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं जिनमें से कांग्रेस ने चार पर जीत दर्ज कर ली है. बीजेपी को अभी तक सिर्फ एक सीट पर ही जीत हासिल हुई है. छठी सीट पर असदुद्दीन ओवैसी और हनुमान बेनीवाल के गठबंधन को विजय प्राप्त हुई है.

अभी तक के रुझानों के मुताबिक भी जयपुर की पंचायत समितियों की वोट काउंटिंग में बीजेपी काफी पिछड़ी हुई है. कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 47 सीटें जीती हैं जबकि बीजेपी को अभी तक सिर्फ 16 सीटें मिलीं. ओवैसी हनुमान बेनीवाल के गठबंधन को भी 16 सीटों पर जीत मिल चुकी हैं.

भजनलाल शर्मा के क्षेत्र में भी हारी BJP

इसके अलावा, 9 पंचायत समितियों में अभी तक बीजेपी का खाता नहीं खुला है. बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रही मौजूद जिला परिषद अध्यक्ष रमा चोपड़ा भी चुनाव हार गई हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में हनुमान बेनीवाल की पार्टी सबसे ज्यादा 5 सीटें जीतकर पहले नंबर पर है. बीजेपी ने यहां दो सीटों पर जीत दर्ज की है. कांग्रेस को एक सीट पर कामयाबी मिली है.

कांग्रस को इन सीटों पर भी बढ़त

राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस को बढ़त मिली है. 419 पंचायत समितियों में से 201 के रुझान सामने आ गए हैं. 102 पंचायत समिति में बढ़त बनाकर कांग्रेस सबसे आगे है. वहीं, बीजेपी को 71 समितियों में बढ़त मिली है. इसके अलावा, निर्दलीय और अन्य 28 जगह पर आगे है. जिला परिषद के चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस लगभग बराबरी पर हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *