Headlines

एयर इंडिया की कोलकाता-मुंबई फ्लाइट में मिला हाईजैक की धमकी वाला नोट, यात्रियों में मचा हड़कंप

कोलकाता से मुंबई जा रही एयर इंडिया (विस्तारा) के एक विमान में हाईजैक की धमकी वाला नोट मिलने से हड़कंप मच गया. बताया गया है कि उड़ान भरने से पहले विमान में एक पर्ची मिली, जिसमें विमान को हाइजैक करने की चेतावनी दी गई थी. नोट मिलने के बाद पायलट ने इसकी सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी. अलर्ट मिलने के बाद, सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया और सुरक्षा जांच के लिए विमान को एक अलग जगह (आइसोलेशन बे) पर ले जाया गया.

अक्टूबर में फुकेट से आ रही फ्लाइट को मिली बम की धमकी

बता दें कि इससे पहले अक्टूबर की शुरुआत में फुकेट से आ रही एक फ्लाइट के टॉयलेट के शीशे पर “विमान के अंदर बम है” लिखा हुआ मिलने से हड़कंप मच गया था. उसके बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर ‘पूर्ण आपातकाल’ (full emergency) घोषित कर दिया गया था. फुकेट से आई फ्लाइट के कोलकाता में उतरने के बाद, जब केबिन क्रू विमान के शौचालय की सफाई करने गए, तो उन्होंने विमान के टॉयलेट के शीशे पर ‘विमान के अंदर बम’ है लिखा हुआ पाया.

इंडिगो की फ्लाइट को भी मिल चुकी है हाईजैक की धमकी

इसके अलावा 7 नवंबर को ही लखनऊ जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (KIA) पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी. इस विमान के टॉयलेट में हाईजैक की धमकी वाला एक हाथ से लिखा नोट मिला था. क्रू मेंबर्स को विमान (इंडिगो 6E-451) के वॉशरूम में यह धमकी भरा नोट मिला था इस घटना के बाद, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर ‘पूर्ण आपातकाल’ घोषित कर दिया गया  था.

सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करते हुए, पायलटों ने सुरक्षा प्रक्रियाओं को शुरू करने के लिए विमान को तुरंत वापस बेंगलुरु मोड़ लिया. इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा था, “7 नवंबर, 2026 को बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E 451 में सुरक्षा संबंधी धमकी मिलने की सूचना मिली. मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत, संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया और प्रोटोकॉल के मुताबिक, जरूरी सुरक्षा जांच करने के लिए पायलटों ने विमान को वापस शुरुआती स्थान (बेंगलुरु) पर ले जाने का फैसला किया.”

उन्होंने आगे कहा, “हमें अपने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है. हम इस परेशानी को कम करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, जिसमें यात्रियों को जलपान उपलब्ध कराना और उन्हें लगातार अपडेट देना शामिल है. जरूरी मंजूरी मिलने के बाद फ्लाइट अपनी यात्रा फिर से शुरू करेगी.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *