पीएम मोदी ने देशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दी हैं. इस त्योहार पर पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने गाय को घास खिलाते हुए फोटो शेयर की है. फोटो शेयर करते हुए पीएम ने लिखा, ”गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर, सभी को शांति, सुख और समृद्धि का आशीर्वाद मिले…”
फोटोज में पीएम मोदी गाय और उनके बच्चों को घास खिलाते हुए नजर आ रहे हैं. साथ ही उन्होंने बताया है कि ये कुछ खास पलों की तस्वीरें हैं.
शेयर किया श्लोक
पीएम मोदी ने फोटोज के अलावा सोशल मीडिया पर श्लोक भी शेयर किया है. उन्होंने श्लोक शेयर करते हुए लिखा, “सभी देशवासियों को गोवर्धन पूजा की बहुत-बहुत शुभकामनाएं. यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे. सभी के सुख, सौभाग्य और समृद्धि का विस्तार हो, यही मंगलकामना है.”
प्रधानमंत्री की ओर से संस्कृत श्लोक, “आभीरनगरीप्राणप्रियं सत्यपराक्रमम्. स्वभृत्यभयभेत्तारं गोवर्धनधरं भजे.” साझा किया गया है, जिसका हिंदी अर्थ है कि जो ब्रजवासियों के लिए प्राणप्रिय हैं, सत्य पराक्रमी हैं और अपने भक्तों के भय का नाश करने वाले हैं, ऐसे गोवर्धन गिरिधारी श्रीकृष्ण का मैं भजन करता हूं.
पीएम की ओर से साझा किया गया यह श्लोक श्री गोवर्धनधराष्टकम् से लिया गया है. इस सुंदर स्तोत्र में भगवान श्रीकृष्ण के ‘गोवर्धनधारी’ (गोवर्धन पर्वत को उठाने वाले) रूप की महिमा का गुणगान किया गया है. इस श्लोक के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य गुणों और लीलाओं का वर्णन किया गया है.
जब देवराज इंद्र के अहंकार को तोड़ने और ब्रजवासियों की रक्षा करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर विशाल गोवर्धन पर्वत को उठा लिया था, तब उनका नाम ‘गोवर्धनधर’ पड़ा. इस स्तोत्र में भक्त श्रीकृष्ण के इसी संकटमोचन और कृपालु स्वरूप की आराधना की गई है.
इस श्लोक के माध्यम से श्रीकृष्ण की स्तुति करते हुए कहा गया है कि मैं उन गोवर्धन पर्वत को धारण करने वाले भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करता हूं, जो अहीरों की नगरी (संपूर्ण ब्रज) के साक्षात प्राण और अत्यंत प्रिय हैं, जिनका पराक्रम सदैव सत्य पर टिका है, और जो अपने सेवकों (भक्तों) के हृदय से हर प्रकार के भय और संकट को समूल नष्ट कर देने वाले हैं.
बता दें कि गोवर्धन पूजा (अन्नकूट) का पर्व कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को दीपावली के अगले दिन मनाया जाता है. इस दिन भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गायों की पूजा करने का विधान है.
