उत्तर प्रदेश में लगातार मानसून सक्रिय बना हुआ हैं, जिसकी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो रही हैं, जिसकी वजह से मौसम सुहाना हो गया है. तो वहीं पश्चिमी यूपी के हिस्सों में उमस भरी गर्मी की वजह से लोग परेशान हैं. मौसम विभाग ने आज भी प्रयागराज समेत प्रदेश के 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. सीतापुर में बारिश के चलते आज आठवीं तक के स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव के चलते प्रदेश में लगातार मानसूनी गतिविधियां बनी हुई हैं. इसके चलते प्रदेश के बुंदेलखंड, विंध्य और मध्य हिस्सों में बादलों की लगातार आवाजाही बनी हुई हैं. यहां के बड़े हिस्से में अच्छी खासी बारिश हो रही हैं. हालांकि पश्चिमी यूपी के ज़्यादातर जिलों में इसका कम ही असर देखने को मिल रहा है. यहां अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो रही है.
सीतापुर में बारिश के चलते स्कूल बंद
राजधानी लखनऊ, सीतापुर व आसपास के इलाकों में देर रात से ही घने बादल छाए हैं और बारिश का सिलसिला जारी है. सीतापुर में देर रात एक बजे से ही भारी बारिश हो रही है, जिसे देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के आठवीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया है. सभी स्कूलों को आदेशों को अनुपालन करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या में भी सुबह से काले बाद छाए हैं और बारिश हो रही है. इन जिलों में आज दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रह सकते हैं.
16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
यूपी में आज प्रयागराज, मीरजापुर, सोनभद्र, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, बांदा, फ़तेहपुर, रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, हमीरपुर, जालौन, महोबा, झांसी और ललितपुर में आज अनेक जगहों पर तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के साथ अनेक जगहों पर बारिश होगी, इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. वहीं रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, बस्ती, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, गाज़ीपुर, संत रविदास नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, देवरिया और अंबेडकर नगर में आज अनेक जगहों पर बारिश होने का अनुमान हैं.
लखनऊ, आगरा, उन्नाव, सीतापुर, बाराबंकी, हरदोई, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, कन्नौज, कानपुर, जालौन, इटावा, फ़िरोज़ाबाद, मैनपुरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया और गोंडा में आज कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है. नोएडा-गाजियाबाद में आज सुबह से ही आंशिक तौर पर बादल छाए हैं. इसके अलावा भी प्रदेश के बाकी हिस्सों में कहीं-कही बारिश होने का अनुमान है.
