Headlines

100 दिन बाद भी खत्म नहीं हुआ संसद का मानसून सत्र! कांग्रेस ने सरकार से पूछे तीखे सवाल

 

मनीष तिवारी ने सवाल किया कि आज मानसून सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए हुए और कोई सत्रावसान नहीं होने के 100 दिन हो चुके हैं. त्रासदी यह है कि कोई सांसद यह भी नहीं पूछ रहा कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है. उन्होंने पूरे आंकड़े पेश करते हुए देरी पर सवाल खड़े किए हैं.

पुराने लोकसभा सत्रों के आंकड़े किए साझा

मनीष तिवारी ने अपनी पोस्ट में अलग-अलग लोकसभाओं के मानसून सत्रों के स्थगन और सत्रावसान की तारीखों का ब्योरा भी दिया. उनके शेयर किए गए डेटा के मुताबिक, पहले सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने और औपचारिक रूप से खत्म किए जाने के बीच कुछ ही दिनों का अंतर रहा है.

10वीं लोकसभा: 7वें सत्र यानी मानसून सत्र को 28 अगस्त 1993 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया था. इसका सत्रावसान 23 सितंबर 1993 को हुआ. दोनों तारीखों के बीच 26 दिन का अंतर था.

16वीं लोकसभा: 5वें सत्र यानी मानसून सत्र को 13 अगस्त 2015 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया था. इसका सत्रावसान 10 सितंबर 2015 को हुआ. इस दौरान 28 दिन का अंतर रहा.

17वीं लोकसभा: छठे सत्र यानी मानसून सत्र को 11 अगस्त 2021 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया था. इसका सत्रावसान 31 अगस्त 2021 को हुआ. दोनों के बीच 20 दिन का अंतर था.

18वीं लोकसभा: आठवें सत्र यानी मानसून सत्र को 13 अगस्त 2026 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया था. मनीष तिवारी के मुताबिक, 21 नवंबर 2026 तक इस सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ है. इस तरह 100 दिन पूरे हो चुके हैं.

13 अगस्त को स्थगित हुआ था संसद का मानसून सत्र

संसदीय कार्य मंत्रालय के मुताबिक, संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई 2026 को शुरू हुआ था और 13 अगस्त 2026 को दोनों सदनों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था. इस दौरान कुल 25 दिनों में 19 बैठकें हुई थीं. दोनों सदनों ने कुल 12 विधेयक पारित किए थे. हालांकि, सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करना और उसका औपचारिक सत्रावसान करना दो अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं.

अनिश्चितकाल के लिए स्थगन के बाद सदन की बैठक समाप्त हो जाती है, जबकि सत्रावसान के जरिए राष्ट्रपति औपचारिक रूप से सत्र को समाप्त करते हैं. 21 नवंबर 2026 तक लोकसभा और राज्यसभा दोनों का सत्रावसान नहीं हुआ है. उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक, यह अंतराल अब तक का सबसे लंबा है. इससे पहले 2008 में 87 दिनों का अंतराल दर्ज किया गया था.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *