Headlines

19 साल की पूजा सिंह ने लहराया भारत का परचम, 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ रचा इतिहास

19 वर्षीय भारत की पूजा सिंह (Pooja Singh) ने 22वीं एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप (Asian U20 Athletics Championships 2026) में इतिहास रचते हुए ऊंची कूद (High Jump) में शुक्रवार (29 मई) को गोल्ड मेडल अपने किया. हांगकांग में ऐतिहासिक कमाल करते हुए पूजा ने 14 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.

पूजा ने 1.93 मीटर की छलांग लगाते हुए 14 साल पुराना सीनियर नेशनल रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो 2012 में सहाना कुमारी ने बनाया था. सहाना के नाम पर 1.92 मीटर की छलांग का रिकॉर्ड दर्ज था. इसके साथ पूजा चैंपियनशिप के महिला हाई जम्प इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बन गईं.

बता दें कि पूजा ने पहले 1.91 मीटर की छलांग लगाकर अंडर-20 राष्ट्रीय रिकॉर्ड को बेहतर किया और गोल्ड मेडल पक्का किया. फिर उससे भी बड़ी छलांग लगाकर सीनियर राष्ट्रीय रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया.

कॉमनवेल्थ गेम्स का क्वालिफिकेशन मार्क भी किया पार

1.93 मीटर की छलांग के साथ पूजा ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 यानी राष्टमंडल खेलों की योग्यता को भी पार कर लिया, जो 1.92 मीटर थी. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि भारतीय एथलेटिक्स महासंघ उन्हें छूट देगा या नहीं, क्योंकि कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई करने वाला आखिरी इवेंट फेडरेशन कप पहले ही समाप्त हो चुका है.

खेल मंत्री ने बढ़ाया उत्साह

केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने अपने एक्स अकाउंट से एक पोस्ट शेयर करते हुए पूजा सिंह का उत्साह बढ़ाया. उन्होंने लिखा, “TOPS एथलीट पूजा ने एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया. उनकी 1.93 मीटर की छलांग ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया. उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं!”

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी शेयर की पोस्ट

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी एतिहासिक कारनामे पर पूजा सिंह का हौसला बढ़ाया. उन्होंने एक्स अकाउंट पर लिखा, “हांगकांग में आयोजित ‘22nd Asian U20 Athletics Championships 2026’ में ‘Women’s High Jump’ स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर तथा 14 वर्ष पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर नया इतिहास रचने वाली हमारे भारत की होनहार बेटी पूजा सिंह को हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *