देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुका है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 4 से 5 दिनों के लिए कई राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र (Well Marked Low Pressure Area) अगले तीन दिनों में ओडिशा और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा.
इसके असर से मध्य भारत, उत्तर भारत और पश्चिमी भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी. दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है.
दिल्ली में चार दिन तक बारिश, तापमान में होगी गिरावट
IMD के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 4 से 7 जुलाई तक मौसम सुहावना बना रहेगा. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं. 4 जुलाई को दोपहर और शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
अगले दिन रविवार (5 जुलाई, 2026) को भी हल्की बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 6 जुलाई को सुबह और शाम दो दौर की बारिश होने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 7 जुलाई को भी हल्की बारिश की संभावना है और अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. यानी अगले चार दिनों में दिल्लीवासियों को उमस और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं.
उत्तर प्रदेश में कई दिनों तक बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 से 7 जुलाई तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 से 6 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 8 से 10 जुलाई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा 9 और 10 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.
