Headlines

IRCTC की वेबसाइट ठप होने की खबरों पर रेलवे की सफाई, जानें क्या कहा

छठ पूजा आने वाली है और त्योहार मनाने के लिए रोजाना ही लोग अपने घर के लिए रवाना हो रहे हैं. ऐसे में जो लोग छठ से एक-दो दिन पहले घर जाने की प्लानिंग कर रहे है, वे ट्रेन टिकट बुक कर रहे हैं. टिकट बुक करने के लिए बड़ी संख्या में लोग IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं. ऐसे में आज यानी 10 नवंबर की सुबह टिकट बुकिंग पोर्टल के बंद होने की खबरें सामने आई. इस बीच IRCTC ने इस खबरों पर सफाई दी है.

दरअसल, आज सुबह टिकट बुकिंग पोर्टल के बंद होने की खबरें सामने आई, लेकिन अब IRCTC ने इस पर सफाई देते हुए कहा है कि ऑनलाइन रिजर्वेशन पोर्टल पूरी तरह से काम कर रहा था. IRCTC के मुताबिक, वेबसाइट बंद नहीं हुई थी, बल्कि एक ही साथ बड़ी संख्या में लोगों ने पोर्टल पर लॉगिन करने की कोशिश की, जिसकी वजह से स्पीड पर असर पड़ा.  यही कारण है कि यात्रियों को अकाउंट लॉगिन करने में कुछ देरी का सामना करना पड़ा.

त्योहारों के बीच टिकट की बढ़ी मांग

बता दें कि अभी दो दिन पहले ही दीवाली का त्योहार मनाया गया है और दीवाली-छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान टिकट की मांग काफी बढ़ जाती है  और एक ही समय पर बड़ी संख्या में पोर्टल लॉगिन करने की वजह से वेबसाइट और ऐप पर ट्रैफिक काफी बढ़ जाता है. इस समय भी छठ के लिए बड़ी संख्या में रोजाना लोग ट्रेन की टिकट बुक कर रहे हैं, जिसकी वजह से ऐप और वेबसाइट पर काफी ट्रैफिक बढ़ गया है.

टिकट की बुकिंग होनी शुरू

IRCTC ने बताया कि सुबह के समय जो यात्रियों को टिकट बुकिंग और लॉगिन करने में समस्या आ रही थी, यह परेशानी अस्थायी थी.  अब वेबसाइट और मोबाइल ऐप समेत सभी माध्यमों से ई-टिकट बुकिंग की सुविधा सामान्य रूप से उपलब्ध है.  यानी अब यात्री पहले की तरह ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे.

बुकिंग सिस्टम को बेहतर बनाने पर जोर 

अहम बात ये है कि IRCTC का कहना है कि यात्रियों को ऑनलाइन टिकट बुकिंग का अनुभव देने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. तकनीकी सुविधाओं को अपग्रेड करने के साथ ही पोर्टल के इंफ्रास्ट्र्क्चर में भी काफी सुधार किया जा रहा है, ताकि जब एक बड़ी संख्या में यात्री टिकट बुक करें तो उस दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की कोई समस्या न हो.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *