Headlines

Weather Today Update: ‘आंधी संग झमाझम बारिश…’, 13 राज्यों में IMD का अलर्ट, यूपी-बिहार, दिल्ली में भीषण गर्मी से मिलेगी राहत!

भीषण गर्मी के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यूपी, बिहार, बंगाल, अरुणाचल, असम, मेघालय, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर समेत देश के 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई जगहों पर 50-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक नॉर्थ ईस्ट और पूर्वी भारत में अगले 6-7 दिनों तक भारी बारिश का दौर देखने को मिलेगा.

IMD के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ रहा है और अगले 4-5 दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिक हिस्सों में पहुंच सकता है. इसके चलते इन राज्यों में भारी बारिश देखने को मिलेगी. इसी के मद्देनजर मछुआरों को बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के कई हिस्सों में 19 जून तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

दिल्ली में येलो अलर्ट
राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में 15 से 17 जून के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. आज सोमवार (15 जून) को मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.

यूपी में बारिश को लेकर अलर्ट
उत्तर प्रदेश में बूंदाबांदी के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, गोंडा, संतकबीरनगर, बलिया, मऊ, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र जिलों में मौसम विभाग ने आज गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है. दूसरी ओर मथुरा, अलीगढ़, इटावा, जालौन, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, कानपुर, हमीरपुर, जालौन, झांसी में आज गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी में 15 से 20 जून के दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18-20 जून के बीच बारिश बढ़ने के आसार हैं.

बिहार का मौसम
यूपी से सटे बिहार में भी बारिश का अलर्ट है. वेस्ट चंपारण, गोपालगंज, सारन, सिवान, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में आज मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. अगले 4-5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार पहुंच सकता है. ऐसे में प्री-मानसून की गतिविधियां शुरू हो गई है. मंगलवार को राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *