Headlines

अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- ‘प्रचार कुछ, सच्चाई कुछ और…’

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में समजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार के प्रचार पर निशाना साधा है. उन्होंने सरकार के प्रचार पर कहा, “आज प्रति व्यक्ति आय का विज्ञापन छपा है और सरकार दोगुनी तरक्की का दावा कर रही है, लेकिन सच्चाई कुछ और है. उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि किसान तरक्की करें और पैदावार अच्छी हो, लेकिन सबसे ज्यादा चिंता किसानों के सामने है. जहां प्रति व्यक्ति आय की बात हो रही है, वहीं बड़ी संख्या में लोगों को राशन देना पड़ रहा है. मिलावट के खिलाफ काम करने वाली सरकार खुद मिलावट करा रही है.

अखिलेश यादव ने यह बयान आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तिरंगा फहराया और उसके बाद पत्रकार वार्ता में दिया. उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर और क्रांतिवीरों को नमन करते हुए वर्तमान केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार पर अपने अंदाज में हमला बोला. उन्होंने कहा, “आजादी के बाद बाबा साहेब ने जो संविधान दिया है, वह जितना मजबूत होगा, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा.”  उन्होंने संकल्प लिया कि संविधान को मजबूत करेंगे.

शिक्षा व्यवस्था चौपट करने का आरोप 

अखिलेश यादव ने प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा, “वह चौपट हो रही है. विकसित देश शिक्षा और स्वास्थ्य पर ध्यान देते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए गए हैं. आज चिकित्सा विभाग को ही इलाज की जरूरत है और शिक्षा की स्थिति खराब है.”

विभाजन विभीषिका पर तंज

सपा प्रमुख ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “कल भाजपा के लोग विभाजन विभीषिका दिवस मना रहे थे. उनके लिए विभाजन उत्सव है. उन्होंने आजादी की लड़ाई में योगदान दिया हो या नहीं, लेकिन विभाजन में रहे. विभाजन आजादी के पहले था और आज भी है. ऐसे लोगों से सावधान रहना पड़ेगा. जिन्होंने तिरंगे का कभी सम्मान नहीं किया, भाजपा और आजादी एक-दूसरे के विलोम हैं. इन्हें ‘मन-मन तिरंगा’ कार्यक्रम चलाना चाहिए, घर-घर नहीं. इनसे सावधान रहना चाहिए.”

नदियों की सफाई पर सवाल

अखिलेश यादव ने नदियों की सफाई पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा,  “सरकार कहती थी मां गंगा को साफ कर देंगे, लेकिन पहले से ज्यादा गंदगी है. अब गोमती को साफ करने की बात हो रही है. बहुत कम दिन बचे हैं. ये घबराए हुए लोग हैं, भाषा बिगड़ी हुई है क्योंकि जनता बोल रही है.”

एक्सप्रेसवे में गड्ढों पर सवाल

इस दौरान अखिलेश यादव ने एक्सप्रेसवे के गड्ढों का भी जिक्र किया, बोले- “एयरपोर्ट में पानी भर गया, गोरखपुर में हर साल भरता है. ये इंजीनियर से डिजाइन नहीं करवाते, मुख्यमंत्री खुद नक्शा छीन लेते हैं. पायलट की लापरवाही का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पायलट ने ‘वनस्पति’ का सेवन कर लिया था. कुछ तो समानता है उत्तर प्रदेश और हवाई जहाज चलाने में.”

चन्दा चोरी का मुद्दा फिर उछाला

अखिलेश यादव ने आज भी अयोध्या में चढ़ा चोरी को लेकर बीजेपी को घेरा, कहा,  “जब दुनिया एआई पर काम कर रही थी, तब ये सो रहे थे. मुख्यमंत्री क्या जानेंगे एआई. अयोध्या से चंदा चोरी हो गया. भाजपा ने महापाप किया. जो भगवान के चढ़ावे की चोरी कर सकते हैं, वे सड़क आदि क्यों नहीं चुराएंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि कोई ऐसा बयान न आए जिससे भाजपा को लाभ मिले.”

पीएम के भाषण पर सवाल

इसके साथ ही उन्होंने आज प्रधानमंत्री के लाल किले के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “नई बात इसलिए बोली जाती है कि पिछली बात पर चर्चा न हो. यह समय रिपोर्ट कार्ड देने का है. पूरे उत्तर प्रदेश में पेपर लीक होते हैं. वन ट्रिलियन इकोनॉमी का सपना दिखाया था. लाल किले से झूठ नहीं बोलना चाहिए. कौन नहीं जानता कि महिला विधेयक पास नहीं होता, कम से कम लागू कर दो ताकि चुनाव लड़ने में सहायता मिले. भारत की सीमा की चिंता होनी चाहिए.”

उन्होंने तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा के साथ हुए व्यवहार की निंदा की और कहा कि महुआ मोइत्रा और ममता बनर्जी के साथ जो व्यवहार हुआ उसे बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करना चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *