Headlines

प्रियंका गांधी के बयान का सपा ने किया विरोध, कहा- PM को अधिकार है…

लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को लेकर टिप्पणी की जिस पर समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने प्रियंका गांधी के बयान से असहमति जताते हुए कहा कि मंत्री कौन बनेगा और कौन नहीं ये प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार है. इस पर सवाल नहीं करना चाहिए.

सपा सांसद राम गोपाल यादव ने प्रह्लाद जोशी पर दिए प्रियंका गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “कौन मंत्री बने, कौन रहे.. कौन ना रहे. ये प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार होता है. इसमें अगर मैं ये सवाल करूं कि किसी को मंत्री क्यों बनाया गया ये उचित नहीं है.

एंटी पेपर लीक बिल पर बोले सपा सांसद

एंटी पेपर लीक बिल को लेकर सपा सांसद ने कहा कि कानून बनाने से पेपर लीक नहीं रुक सकता है. जब तक ईमानदार लोगों के हाथ में सब कुछ नही होगा. असल में भ्रष्टाचार ऊपर से नीचे तक फैल चुका है तो आप कुछ भी कानून बनाते रहिए, कानून तो पहले भी बहुत बने हैं. टाडा बना, कुछ और बना लेकिन क्या कुछ रुक गया?

इस सरकार में ना जाने कौन-कौन से कानून बने कुछ नहीं रुका. कानून से थोड़े रुकता है. एक ठीक आदमी हो, पेपर सेट करने वाला ठीक हो, जहां छपाई हो रही है वो ईमानदार हों और जो एजेंसियां हैं, कोचिंग सेंटर पर निगाह रहे विजिलेंस और सीबीआई तो कोई पेपर लीक नहीं हो सकता.

चंदा चोरी के मुद्दे पर कही ये बात

राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर सपा सांसद ने कहा कि “राम मंदिर का मुद्दा सबसे महत्वपूर्ण हैं. करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है. बीजेपी ने राम के नाम पर सत्ता तक पहुंचने का काम किया. उन्हीं राम को धोखा दे दिया. अयोध्या से राम नाराज होकर चले गए ऐसा लोगों का कहना है. जब इतनी बड़ी घटना हुई, देश और दुनिया के राम भक्तों को कष्ट हैं. उनके साथ अन्याय हुआ है. धोखा हुआ है, छल हुआ है. जो कुछ उन्होंने दिया मंदिर के लिए दिया था. इसलिए थोड़े दिया था कि उसकी लूट करो और उसका कैसे भी इस्तेमाल करो.

प्रियंका गांधी के बयान पर हंगामा

बता दें कि मंगलवार को प्रियंका गांधी ने एंटी पेपर लीक बिल पर बोलते हुए प्रह्लाद जोशी को नया शिक्षा मंत्री बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री ने ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्री बनाया जिसने गर्भवती महिला से दुष्कर्म के दोषियों की रिहाई का समर्थन किया था. उनके इस बयान पर सदन में हंगामा हो गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *