Headlines

भारत के साथ 5th जेनरेशन Su-57 बनाएगा रूस, पुतिन ने खुद किया ऐलान, PAK पर बोले- मैं नहीं मानता कि वो चीन का….

पांचवीं पीढ़ी के सुखोई-57 (Su-57) को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि रूस सुखोई-57 फिफ्थ-जेनरेशन स्टेल्थ फाइटर एयरक्राफ्ट प्रोग्राम पर भारत के साथ काम करने के लिए हमेशा तैयार है. उन्होंने कहा कि वह डिफेंस प्रोग्राम में सप्लाई और विकास दोनों में भारत का सहयोग करने के लिए तत्पर हैं, जिससे दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और गहरा होगा.

व्लादिमीर पुतिन ने ‘पीटीआई’ समेत दुनिया की अग्रणी समाचार एजेंसियों के प्रमुखों के साथ व्यापक बातचीत में यह बात कही है. पुतिन ने भारत के साथ रूस के रक्षा और सैन्य संबंधों का उल्लेख किया और ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों के संयुक्त विकास और संयुक्त उत्पादन का हवाला दिया.

पुतिन ने यह भी संकेत दिया कि रूस ने भारत को पांचवीं पीढ़ी के सुखोई-57 लड़ाकू विमान के निर्माण पर संयुक्त रूप से काम करने का प्रस्ताव दिया है. भारत पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों की एक खेप खरीदने की प्रक्रिया में है.

पुतिन ने कहा, ‘हमने अपने भारतीय मित्रों को प्रौद्योगिकी… पांचवीं पीढ़ी की प्रौद्योगिकी पर मिलकर काम करने का प्रस्ताव दिया है… हम भारत को लड़ाकू विमान उपलब्ध कराने के लिए इस क्षेत्र में उसके साथ काम करने को तैयार हैं.’

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूस भारत को प्रमुख रक्षा मंचों और हथियारों के लिए महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी उपलब्ध कराने को तैयार है. व्लादिमीर पुतिन ने इस दौरान भारत और पाकिस्तान के तनावपूर्ण संबंधों पर भी बात की. उन्होंने कहा, ‘हम भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा से जुड़े मुद्दों की जटिलताओं से अच्छी तरह अवगत हैं.’

व्लादिमीर पुतिन ने चीन-पाकिस्तान मित्रता के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘बेशक, पाकिस्तान के लिए चीन के साथ सहयोग को ध्यान में रखना बहुत महत्वपूर्ण है.’ पुतिन ने कहा कि वह नहीं मानते कि पाकिस्तान चीन के नियंत्रण में है. उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान एक बड़ा देश है, जिसके विभिन्न देशों के साथ बहुआयामी संबंध हैं.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *