Headlines

संसद कमेटी की बैठक में हंगामा, पैलेट गन पर चर्चा की उठी मांग

संसद की गृह मामलों की कमेटी बैठक में मंगलवार (25 अगस्त 2026) को हंगामा हो गया. विपक्ष के मेंबर ने बैठक में पैलेट गन के मामले और जंतर मंतर पर दिल्ली पुलिस की ओर से हुई लाठीचार्ज पर चर्चा करने की मांग की. सूत्रों के मुताबिक कमेटी के चेयरमैन ने चर्चा करने से मना कर दिया. चेयरमैन ने कहा सिर्फ एजेंडे पर चर्चा होगी. इस कमिटी के चेयरमैन बीजेपी सांसद राधामोहन दास अग्रवाल हैं.

संसद का मानसून सत्र भी इस बार हंगामे और राजनीतिक गतिरोध के कारण अधिकतर स्थगित ही रहा. हंगामे के चलते लोकसभा में केवल 19 फीसदी ही कामकाज हो पाया. विपक्ष लगातार दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगता रहा. वहीं केंद्र सरकार ने विपक्ष पर चर्चा से भागने और सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया.

कांग्रेस का कहना है कि 20 जुलाई को कनॉट प्लेस में पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया था. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि साहिल नाम के शख्स के शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे लगे हैं और उसकी आंख में तीन छर्रे लगे हैं. जांच अपनी जगह जारी रहेगी, लेकिन सबसे पहले यह पता लगना चाहिए कि कथित तौर पर कील लगी लाठियों के इस्तेमाल का आदेश किसने दिया था. क्या इस कार्रवाई का आदेश केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिया था या किसी और ने. अगर इस तरह की कार्रवाई का आदेश गृह मंत्री की ओर से दिया गया था, तो छात्रों पर हुए कथित बर्बर हमले की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए.

जंतर-मंतर और देश के अन्य हिस्सों में विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा और पुलिस और सुरक्षा बलों की कार्रवाई की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने पांच सदस्यीय हाई पावर एक्सपर्ट कमेटी का गठन किया है. कोर्ट को उम्मीद है कि कमेटी की रिपोर्ट आगे के फैसले में महत्वपूर्ण सहायता करेगी. सुप्रीम कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *