Headlines

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, दौसा में स्लीपर बस और ट्रेलर की टक्कर में 8 लोगों की मौत

राजस्थान के दौसा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस हाईवे पर कोलवा थाना क्षेत्र स्थित रेस्ट एरिया के पास बुधवार (1 जुलाई) तड़के करीब 2-3 बजे के बीच हरिद्वार से इंदौर जा रही एक निजी बस ट्रेलर से टकरा गई. इस टक्कर से बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी. इसके बाद बस में पीछे के हिस्से में भी आग लग गई. हादसे के कारण बस में चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अधिकांश यात्री उस समय गहरी नींद में थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की ऊपरी बर्थ पर सो रहे यात्री नीचे गिर पड़े और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 8 लोगों की मौत हो गई है. हादसे की सूचना मिलते ही कोलवा थाना पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे.

घायलों का इलाज जारी

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया. कुछ यात्री स्वयं भी बस से बाहर निकल आए. बताया जा रहा है कि हादसे के कुछ देर बाद बस में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और बढ़ गई. हालांकि, अधिकांश यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20-25 घायलों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कई गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए भी रेफर किया गया. घायलों में महिला और बच्चों की संख्या भी अधिक बताई जा रही है.

मौके पर पहुंचे कई बड़े अधिकारी

घटना की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार, पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय शर्मा, उपखंड अधिकारी संजू मीणा तथा तहसीलदार गजानन मीणा जिला अस्पताल पहुंचे और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया. अधिकारियों ने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए. दोसा जिला कलेक्टर डॉ सौम्या झा और पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों के जानकारी ली.

मामले की जांच शुरू

जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या ने बताया कि दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस हाईवे पर बुधवार को सुबह करीब 3:00 बजे हुए हादसे में 24 से 25 लोग घायल हुए हैं और करीब 7 से 8 लोग होने की मौत की पुष्टि हुई है. वहीं, कोलवा थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर ट्रेलर से टक्कर के बाद बस के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है. हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *