Headlines

IND vs ENG Weather Report: पहले टी20 पर बारिश का खतरा, भारत-इंग्लैंड मैच से पहले मौसम ने बढ़ाई चिंता

आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से सीरीज गंवाने के बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर नई शुरुआत की उम्मीद के साथ उतरेगी. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया पहले टी20 में मेजबान इंग्लैंड को चुनौती देगी. हालांकि मुकाबले से पहले मौसम ने खिलाड़ियों और फैंस दोनों की चिंता बढ़ा दी है. ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, बारिश मैच के दौरान कई बार बाधा डाल सकती है.

बारिश बिगाड़ सकती है मैच का रोमांच

एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, चेस्टर-ली-स्ट्रीट में शाम के समय घने बादल छाए रहने और बारिश होने की प्रबल संभावना है. मैच के दौरान बारिश की संभावना 61 प्रतिशत तक जताई गई है. ऐसे में मुकाबले में रुकावट या ओवरों में कटौती देखने को मिल सकती है. तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस रहेगा, लेकिन तेज हवाओं की वजह से महसूस होने वाला तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस हो सकता है.

दक्षिण-पश्चिम दिशा से करीब 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जो मैच के दौरान 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. मौसम रिपोर्ट के मुताबिक, आसमान में 97 प्रतिशत बादल छाए रहेंगे. रात के समय तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है और 60 प्रतिशत बारिश की संभावना बनी रहेगी. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 56 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

क्या पहले टी20 में मिलेगा वैभव सूर्यवंशी को मौका?

सीरीज शुरू होने से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में चुने जाने के बाद से ही 15 वर्षीय वैभव के डेब्यू की मांग लगातार उठ रही है.

अय्यर ने कहा, ‘टीम में सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है. ऐसा नहीं है कि सिर्फ एक खिलाड़ी अच्छा खेल रहा है. हमें खिलाड़ियों को मौके देने के साथ-साथ सुरक्षा का अहसास भी कराना होगा, ताकि उनका आत्मविश्वास बना रहे. जिन्होंने पिछला टी20 वर्ल्ड कप जीता है, उन्हें इस फॉर्मेट का अनुभव है और उनका समर्थन करना जरूरी है.’

‘किसी को नहीं पता क्या होगा’

जब श्रेयस अय्यर से पूछा गया कि क्या वैभव सूर्यवंशी पहले टी20 में डेब्यू करेंगे, तो उन्होंने कहा, ‘किसी को नहीं पता कि क्या होने वाला है. हमें भी नहीं पता कि हम क्या करेंगे. यह काफी गोपनीय है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘हम टीम के भीतर इस पर चर्चा करते हैं. हम अपनी प्लेइंग इलेवन पहले से सार्वजनिक नहीं कर सकते, क्योंकि इससे विपक्षी टीम को भी हमारी रणनीति का पता चल जाएगा. वह युवा खिलाड़ी है और जब भी उसे मौका मिलेगा, वह अच्छा खेलेगा.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *