अजय देवगन स्टारर और अभिषेक पाठक निर्देशित ‘दृश्यम 3 द कन्क्लूजन’ और ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार परफॉर्म कर रही है. इस फिल्म ने रिलीज के तीन दिन में ही 150 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर डाली है. इन सबके बीच फिल्म के स्क्रीन राइटर आमिर कीयान खान ने हिंदी थ्रिलर फ्रैंचाइजी के आखिरी चैप्टर के क्लाइमेक्स को लेकर बड़ा राज खोला है.
तीसरी बार दर्शकों को चौंकाने का था चैलेंज
‘द फ्री प्रेस जर्नल’ के साथ बातचीत में, आमिल कीयान खान ने कहा, “यह एक बहुत बड़ा पहाड़ चढ़ने जैसा था. आपके पास एक पसंदीदा फ्रैंचाइजी है, एक ऐसा परिवार जिसके साथ दर्शक सालों से जुड़े रहे हैं, और दो बेहद पसंद की गई फिल्मों की विरासत आपके कंधों पर है. और सबसे जरूरी बात, आप तीसरी बार दर्शकों को कैसे चौंकाएंगे? पहली फिल्म में, विजय सलगांवकर लगभग एक कोरे कागज की तरह थे. अब दर्शक उन्हें जानते हैं. वे जानते हैं कि उनका दिमाग कैसे काम करता है, वे जानते हैं कि उनके पास कई तरकीबें हैं, और सच कहूं तो, उस बेचारे आदमी के हर काम पर उन्हें शक होता है.
फिर ‘दृश्यम’ के डीएनए को बनाए रखते हुए एक ओरिजिनल स्क्रीनप्ले लिखने की चुनौती भी थी. इसमें ह्यूमर, परिवार, भावना, ड्रामा और रोमांच भी होना चाहिए था, बिना किसी एक चीज के दूसरी चीजों पर हावी हुए, यह बहुत ही बारीक संतुलन बनाने जैसा था. शुक्र है, हममें से किसी ने भी नीचे नहीं देखाय”
आमिल कीयान खान ने 100 से ज्यादा ड्राफ्ट किए थे रेडी
स्क्रीनप्ले तैयार करने में बार-बार लिखने और सुधारने का लंबा प्रोसेस शामिल था, जिसमें आमिल कीयान खान ने सौ से ज्यादा वर्जन तैयार किए थे. राइटर ने माना कि आखिरकार वे सही गिनती भूल गए. उन्होंने कहा, “मेरे पास फोल्डर्स के अंदर फोल्डर्स हैं, तारीखों और नंबरों वाले ड्राफ्ट, और ऐसी फाइलें हैं जिनके नाम “फाइनल”, “फाइनल 2”, “फाइनल फाइनल” और शायद “फाइनल प्लीज गॉज” जैसे हैं. सच कहूं तो मैं गिनती भूल गया हूं, लेकिन अलग-अलग तरह के सौ से ज्यादा ड्राफ्ट जरूर हैं. आराम से.”
क्लाइमैक्स की जानकारी क्रू को भी नहीं दी गई थी
फिल्म के बड़े ट्विस्ट को सेफ रखने के लिए मेकर्स ने कड़े कदम उठाए थे. आमिल कीयान खान ने बताया कि क्लाइमैक्स की जानकारी कास्ट और क्रू के एक बड़े हिस्से को नहीं दी गई थी. उन्होंने कहा, “अभिषेक ने प्रोडक्शन को वैसे ही चलाया जैसे विजय सलगांवकर चलाते. क्लाइमैक्स की जानकारी क्रू के एक बड़े हिस्से को नहीं दी गई थी. लोगों को जानकारी सिर्फ जरूरत पड़ने पर ही मिलती थी.
कभी-कभी किसी डिपार्टमेंट को सिर्फ उतना ही पता होता था जितना किसी सीन को शूट करने के लिए जरूरी था, यह जरूरी नहीं था कि उन्हें यह भी पता हो कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं. फिल्म के कई एक्टर्स और क्रू मेंबर्स, और मेरे अपने दोस्तों और रिश्तेदारों ने भी एंडिंग जानने के लिए मुझे रिश्वत देने की कोशिश की. लेकिन गायतोंडे की तरह, मैं भी प्रोड्यूसर्स के प्रति ईमानदार और वफादार रहाय”
‘दृश्यम 3 ‘ की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ ने सिनेमाघरों में धमाल मचाया हुआ है. इस फिल्म ने रिलीज के तीन दिनों के भीतर ही भारत में 150 करोड़ रुपये (नेट) की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है. सैकनिल्क के मुताबिक इस, फिल्म ने रविवार, 4 अक्टूबर को भारत में 61 करोड़ रुपये कमाए. इसी के साथ इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 211.80 करोड़ रुपये हो गया. फिल्म का ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 61.00 करोड़ रुपये रहा और वर्ल्डवाइड इसने 272.80 करोड़ रुपये कमा लिए हैं.
