अमेरिका के साउथ जॉर्जिया में एक पार्टी के दौरान तड़ातड़ गोलियां चली, जिसमें 2 लोग मारे गए और 35 अन्य घायल हुए. ‘CBS न्यूज’ की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना को लेकर अधिकारियों ने बताया कि 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है. मृतकों की पहचान भी सामने आ गई है.
जॉर्जिया ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (GBI) के मुताबिक, रविवार ( 4 अक्टूबर 2026) तड़के वियना शहर में गोलियां चलीं. शेरिफ के डिप्टी ने लोकल समय के अनुसार रात लगभग 1 बजकर 25 मिनट पर इलाके में पैट्रोलिंग करते समय गोलियों की आवाज सुनी.
पार्टी में फायरिंग
‘CBS न्यूज’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इन्वेस्टिगेटर्स ने बताया कि जब पुलिसकर्मी पाइन स्ट्रीट स्थित फायरिंग वाली जगह पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि कई लोग गोली लगने से घायल हुए थे. उन्होंने पीड़ितों को इलाके के कई अलग-अलग अस्पतालों में ले जाने की बात कही. घायलों की उम्र 41-51 के बीच थी. वहीं, जिन 2 लोगों की गोली लगने से मौत हुई थी वे पाइन स्ट्रीट पर उसी जगह से कुछ ब्लॉक दूर पाए गए थे. इसी जगह पर गोलीबारी शुरू हुई थी.
अलग-अलग जगहों पर 50 गोलियां चलाईं
घटना को लेकर डूली काउंटी के शेरिफ क्रेग पीवी ने ‘CBS न्यूज’ को बताया कि पाइन स्ट्रीट पर होमकमिंग के जश्न में आयोजित ब्लॉक पार्टी के लिए 1,000 से ज्यादा लोग इकट्ठा हुए थे. इस दौरान एक ब्लॉक की दूरी पर स्थित दो अलग-अलग जगहों पर 50 गोलियां चलाई गईं. इस दौरान 2 लोगों की मौत हुई. उन्हें घटनास्थल पर ही मृतक घोषित कर दिया गया था. मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है. अधिकारियों ने फायरिंग की वजह या संदिग्धों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.
क्यों हुई थी फायरिंग?
घटना में मारे गए लोगों की पहचान 21 साल के जैकवियन जैक्सन और 23 साल के मैकेलेब जैक्सन के तौर पर हुई है. वहीं, इन्वेस्टिगेटर्स ने यह जनाकरी नहीं दी कि आखिर गोलीबारी की वजह क्या थी, कितने लोगों ने गोलियां चलाईं या क्या गोलीबारी करने वालों ने किसी खास व्यक्ति को अपना टारगेट बनाया था. GBI अधिकारियों ने कहा कि जांच करने वाले लोगों से पूछताछ कर रहे हैं और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल आम लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है.
