Headlines

‘जैसा वो कहते हैं, मैं वैसा करता हूं…’, प्लेन बदलने की बात ट्रंप ने कबूली, बोले- मैं सबसे अहम राष्ट्रपति

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कबूला है कि तुर्किये में हाल ही में हुए समिट के दौरान उन्होंने अपना विमान बदला था. सीक्रेट सर्विस और अमेरिकी सेना ने संभावित ‘खतरे’ का हवाला देते हुए उन्हें ऐसा करने की सलाह दी थी. डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उन्हें जो खतरे हैं, वे राष्ट्रपति के तौर पर उनकी अहमियत से जुड़े हैं. उन्होंने खुद को ‘सबसे अहम राष्ट्रपति’ बताया. ओहायो से लौटने के बाद  डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने खतरे के बारे में अपने सलाहकारों से ज्यादा जानकारी नहीं मांगी और बस अपनी सुरक्षा टीम की सलाह मानी.

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा,’मैं सीक्रेट सर्विस और सेना की बात मानता हूं. वे चाहते थे कि मैं किसी दूसरी फ्लाइट या दूसरे प्लेन से जाऊं. मैं वही करता हूं जो वे कहते हैं.’उन्होंने आगे कहा,’मुझे लगता है कि कोई खतरा था. मैंने इसके बारे में ज़्यादा कुछ नहीं पूछा. मुझे अक्सर धमकियां मिलती रहती हैं.’

ट्रंप ने तुर्किये में अपना प्लेन क्यों बदला?

ट्रंप की ये बातें तब सामने आईं जब तुर्किये की हालिया यात्रा के दौरान उनके कई बार प्लेन बदलने की असामान्य घटनाओं की खबरें आईं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने शुरुआत में कतर से मिले बोइंग 747-8 से यात्रा की थी, लेकिन खबरों के मुताबिक, कथित खतरे की वजह से वे पुराने एयरफोर्स वन विमान में चले गए. बाद में वॉशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट में कहा गया कि डोनाल्ड ट्रंप को चुपके से पुराने एयरफोर्स वन से एक कैटरिंग कंटेनर में निकालकर छोटे C-32A विमान में ले जाया गया. व्हाइट हाउस ने शुरुआत में प्लेन बदलने की इन खबरों पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया था.

डोनाल्ड ट्रंप ने इस खतरे के बारे में क्या कहा?

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस खतरे की पूरी जानकारी जानने की जरूरत नहीं लगी, क्योंकि सुरक्षा से जुड़े ऐसे फैसलों के लिए वे सीक्रेट सर्विस और सेना पर भरोसा करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें कई ऐसे खतरों का सामना करना पड़ता है जिनके बारे में जनता को पता नहीं होता.

ट्रंप ने कहा, ‘मुझे बहुत सारे खतरे मिलते हैं.’इसके बाद ट्रंप ने इन खतरों को राष्ट्रपति के तौर पर अपनी अहमियत से जोड़ा. ट्रंप ने कहा,’जिन राष्ट्रपतियों का कोई खास असर नहीं होता, उन्हें धमकियां नहीं मिलतीं, और मुझे लगता है कि शायद मैं सबसे ज़्यादा असरदार राष्ट्रपति हूं.’

‘तीसरा चुनाव लड़ना चाहता हूं मगर…’

इसके अलावा ट्रंप ने यह भी कहा कि वह साल 2028 में एक और बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के बारे में सोच रहे हैं. लेकिन अमेरिकी कानून के मुताबिक ऐसा करना मुश्किल है.
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह सचमुच तीसरी बार चुनाव लड़ने को लेकर गंभीर हैं, तो ट्रंप ने कहा,’हर कोई मुझसे यही सवाल पूछता है, और आप जानते हैं कि इस मामले में कानून बहुत सख्त है.’ उन्होंने कहा,’मैं फिर से चुनाव लड़ना पसंद करूंगा, लेकिन कानून बहुत मजबूत है.’

अमेरिकी संविधान के 22वें संशोधन के अनुसार, कोई भी शख्स दो बार से ज्यादा राष्ट्रपति नहीं चुना जा सकता. यह संशोधन 1951 में लागू किया गया था, जिसका एक कारण फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट का चार बार राष्ट्रपति चुना जाना भी था. ट्रंप 2016 और 2024 में दो बार राष्ट्रपति चुने जा चुके हैं. बीते हफ्तों में ट्रंप कई बार 2028 का जिक्र कर चुके हैं. एक पत्रकार ने उस डिनर कार्यक्रम का भी जिक्र किया, जिसमें ‘ट्रंप 2028’ का विज्ञापन दिखाया गया था और जहां उनके समर्थक उन्हें फिर से चुनाव लड़ने के नारे लगा रहे थे.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *