Headlines

झारखंड राज्यसभा चुनाव: NDA विधायक होटल में शिफ्ट, JMM सांसद बोलीं, ‘हमारे CM को भी…’

झारखंड में राज्यसभा की 2 सीटों के लिए 18 जून को मतदान से पहले हलचल तेज हो गई है. इस बीच एनडीए के विधायकों को होटल में शिफ्ट किया गया है. अब इस पर झारखंड मुक्त‍ि मोर्चा की राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने एनडीए को घेरते हुए कहा कि अगर अपने विधायकों पर आपको भरोसा नहीं है तो फिर आप क्या राजनीति कर रहे हैं?

उन्होंने कहा, ”बीजेपी को डर है, नहीं तो वो अपने विधायकों को क्यों होटल में शिफ्ट करते. उनको लग रहा है कि दो दिन बाद चुनाव है. ऐसे में कहीं चुनाव के दिन कोई बहाना न कर दे. शायद उन्हें इस तरह का डर है. हो सकता है कि उन्हें कुछ उस तरह के संकेत मिले हों. लोकतंत्र के लिए ये भी अच्छा नहीं है.”

JMM के विधायक पार्टी के निर्देश के मुताबिक वोट करेंगे- महुआ माजी

जेएमएम की सांसद महुआ माजी ने आगे कहा, ”हमारे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी लोगों ने कहा था कि आप अपने विधायकों को किसी रिसॉर्ट में शिफ्ट करा दीजिए, लेकिन उन्हें अपने विधायकों पर इतना भरोसा है और उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया. वो खुद वोट करेंगे. हमारे जेएमएम के जितने भी विधायक हैं वो पूरी तरह से पार्टी के निर्देश के अनुरूप ही वोट करेंगे और हमारे प्रत्याशियों को जीत दिलाएंगे.”

हर जगह पर हॉर्स ट्रेडिंग की बात हो रही- महुआ माजी

महुआ माजी ने खरीद फरोख्त का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, ”आप देख रहे हैं कि राज्यसभा चुनाव में किस तरह से देश में हर जगह पर हॉर्स ट्रेडिंग की बात हो रही है. यहां तो डिप्टी मेयर के चुनाव में भी हॉर्स ट्रेंडिंग हुई है. एक तरफ चुनाव आयोग है, ईडी, सीबीआई है. जो सत्ता पक्ष से जुड़े हुए लोग हैं, वो कुछ भी कर लें लेकिन उससे कोई फर्क नहीं पड़ता है.”

टीएमसी में टूट पर क्या बोंली महुआ माजी?

पश्चिम बंगाल में टीएमसी में टूट को लेकर भी उन्होंने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, ”बीजेपी क्षेत्रीय पार्टियों को तोड़कर अपने साथ मिला रही है. साम-दाम दंड भेद सब कुछ अपना रही है. हाल ही में आम आदमी पार्टी के 7 सांसदों को बीजेपी ने अपने में मिला लिया. टीएमसी के वही सांसद जो कल तक बीजेपी के खिलाफ मुखर थे, वो अचानक से बागी हो गए और अब एनडीए के साथ मिलकर काम करना चाह रहे हैं. कहीं ऐसा तो नहीं है कि उन्हें किसी तरह का डर दिखाया जा रहा है. वो कौन सी जादू की छड़ी घूमा रहे हैं कि सभी लोग उधर ही चले जा रहे हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *